- Home
- /
- महिला को धमकाया, मुन्ना यादव पर...
महिला को धमकाया, मुन्ना यादव पर एफआईआर

डिजिटल डेस्क, नागपुर। राज्य कामगार विकास महामंडल के पूर्व अध्यक्ष मुन्ना यादव के खिलाफ महिला को धमकाने का प्रकरण शहर पुलिस ने दर्ज किया है। संपत्ति विवाद से जुड़े इस मामले ने भाजपा कार्यकर्ताओं में हलचल मचा दी है। यादव सहित 4 आरोपियों को फिलहाल पुलिस ने गिरफ्तार नहीं किया है। प्रकरण दर्ज करने के बाद एमआईडीसी थाने की पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है। आरोपियों में मुन्ना यादव के अलावा राजवीर यादव, गणेश यादव व प्रमोद डोंगरे शामिल हैं। प्रमोद डोंगरे जमीन कारोबारी है।
शिकायतकर्ता 40 वर्षीय महिला प्रताप नगर थाना क्षेत्र निवासी है। महिला ने प्रमोद डोंगरे के साथ जयताला के पांडुरंग नगर स्थित मकान का सौदा 12 लाख में किया था। 6 से 12 दिसंबर 2020 तक शिकायतकर्ता महिला व जमीन व्यवसायी के बीच मकान के सौदे की बात चलती रही। महिला ने आरोपी को 6 लाख रुपए दिए। बताया गया है कि वह मकान सीनू होरो व्यक्ति का है। सीनू झारखंड निवासी है। उसने मकान खरीदी-बिक्री का अधिकार व्यवसायी डोंगरे को दिया था। डोंगरे ने महिला के नाम पर रजिस्ट्री नहीं कराई। इस को लेकर विवाद चल ही रहा था कि डोंगरे ने वह मकान राजवीर यादव को बेच दिया। राजवीर यादव, मुन्ना यादव का करीबी है।
नसीहत महंगी पड़ी : आरोप है कि मुन्ना यादव ने महिला को अजनी चौक स्थित अपने संपर्क कार्यालय में बुलाया और उसे राजवीर के साथ विवाद नहीं करने की नसीहत दी। 2 जनवरी 2021 का वाकया है। महिला ने न्याय निवेदन किया, तो उसे मुन्ना यादव ने धमकी दी। कहा कि, ‘जमीन से कब्जा नहीं छोड़ने का परिणाम भुगतना पड़ेगा’। जान से मारने की धमकी भी दी।
विवादों से नाता : जमीन के मामलों को लेकर मुन्ना यादव अक्सर विवादों में रहे हैं। उनकी पत्नी नगरसेवक रही हैं। पूर्व मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के करीबी कार्यकर्ता के तौर पर उन्हें प्रचारित किया जाता है। यादव के विवाद का मामला विधानमंडल के दोनों सदन में गूंजता रहा है। इस मामले को लेकर भाजपा की फजीहत होती रही है। हाल ही में कानून-व्यवस्था को लेकर फडणवीस ने सवाल उठाए, तो गृहमंत्री अनिल देशमुख ने यह सवाल दागा है कि नागपुर का चर्चित गुंडा मुन्ना यादव किसका करीबी रहा है। फडणवीस व भाजपा बताएं।
Created On :   6 Feb 2021 3:03 PM IST