सरेआम महिला से मारपीट और छेड़खानी करते हुए चोटी काटी

Women choti cut after molestation and assaulting in nagpur
सरेआम महिला से मारपीट और छेड़खानी करते हुए चोटी काटी
सरेआम महिला से मारपीट और छेड़खानी करते हुए चोटी काटी

डिजिटल डेस्क, नागपुर। अजनी थानांतर्गत बीच रास्ते में उस समय सनसनी मच गई जब कुछ आरोपी बाइक पर सवार होकर आए और दिनदहाड़े महिला पर हमला कर दिया। महिला की पिटाई कर छेड़छाड़ की। हमलावरों ने सरेराह महिला की चोटी भी काट दी। 

मां से मिलने जा रही थी 
जानकारी के अनुसार अजनी क्षेत्र निवासी महिला (28) सोमवार की दोपहर करीब तीन बजे के दौरान मां से मिलने घर पर पैदल ही जा रही थी। सुयोग नगर स्थित उद्यान के पास 20 से 25 वर्षीय तीन युवकों ने उसे रोक लिया। मोबाइल नंबर क्यों बदल दिया, इस बात को लेकर महिला से गाली-गलौज और छेड़छाड़ की। बाद में उसकी पिटाई भी कर दी। दिनदहाड़े महिला के साथ घटित प्रकरण से लोगों की भीड़ जमने लगी। इस बीच, तीनों हमलावरों में से एक ने जेब से कैंची निकाली और महिला की चोटी काट दी। डरी-सहमी महिला थाने पहुंची और पुलिस को सूचना दी। 

यह है मामला 
घटना को रंजिश के चलते अंजाम दिए जाने का संदेह है। दरअसल, करीब एक दो वर्ष पहले महिला ने 20-25 से भी ज्यादा लोगों को नौकरी लगा देने का झांसा दिया था। बदले में उनसे 40 से 50 लाख रुपए भी ऐंठ लिए हैं, मगर किसी को भी नौकरी नहीं मिली। महिला के खिलाफ बर्डी थाने में धोखाधड़ी का मामला भी दर्ज हुआ था। नौकरी की आड़ में ठगे गए लोगों ने कई बार महिला के घर पर धावा बोला था। कई बार विवाद भी हुए हैं। इस बीच महिला ने लोगों को उनके रुपए वापस करने का वादा किया, मगर किसी को रुपए वापस नहीं मिले हैं। लोग उसे फोन पर गाली-गलौज और धमकियां भी देते थे।कई बार लोगों ने मारपीट की नौबत तक आ चुकी है। फोन पर मिलने वाली धमकी से  त्रस्त होकर महिला ने मोबाइल नंबर ही बदल दिया है। सहायक निरीक्षक पूरी ने प्रकरण दर्ज किया है। जांच जारी है। 
 

Created On :   21 March 2018 8:41 AM GMT

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story