महाराष्ट्र में कुल 8 करोड़ 73 लाख मतदाता, महिला वोटरों का अनुपात बढ़ा

women voters number increase  in Maharashtra
महाराष्ट्र में कुल 8 करोड़ 73 लाख मतदाता, महिला वोटरों का अनुपात बढ़ा
महाराष्ट्र में कुल 8 करोड़ 73 लाख मतदाता, महिला वोटरों का अनुपात बढ़ा

डिजिटल डेस्क, मुंबई। राज्य में पुरुषों के मुकाबले महिला मतदाताओं के अनुपात में बढ़ोतरी दर्ज की गई है। आगामी लोकसभा चुनाव के लिए बीते 31 जनवरी को प्रकाशित मतदाता सूची के अनुसार 13 लाख नई महिला मतदाताओं के नाम जोड़े गए हैं। महाराष्ट्र के कुल 8 करोड़ 73 लाख मतदाताओं में 4 करोड़ 57 लाख पुरुष और 4 करोड़ 16 लाख महिला मतदाता शामिल हैं। यानि अब 1 हजार पुरुष मतदाताओं के अनुपात में महिला मतदाताओं की संख्या 911 है, जबकि 2014 में महिला मतदाताओं का अनुपात 905 था।

राज्य में महिला मतदाताओं की संख्या लगातार बढ़ रही है। 2014 के पहले पुरुषों की अपेक्षा महिला मतदाताओं का अनुपात एक हजार पुरुष मतदाताओं की तुलना में महिला मतदाताओं की संख्या 880 थी। चुनाव आयोग के एक अधिकारी ने बताया कि महिला मतदाताओं की संख्या बढ़ाने के लिए आयोग द्वारा शुरु विशेष अभियान के चलते यह बदलाव दिखाई दे रहा है। उन्होंने बताया कि 1960 में महिला मतदाताओं का प्रमाण 715 और वर्ष 2000 में 883 था। जानकारों की राय में स्थानीय निकाय चुनावों में महिला आरक्षण के चलते चुनाव में महिलाओं की भागीदारी बढ़ी है। इसके चलते महिला मतदाताओं की संख्या भी बढ़ रही है। 

महाराष्ट्र में 78 फीसदी मतदाता

2018 में मतदाता सूचियों के पुनरीक्षण कार्य के बाद राज्य में 28 लाख नए मतदाता जुड़े हैं। जबकि 7 लाख 30 हजार लोगों के नाम मतदाता सूची से हटाए गए हैं। देश की कुल जनसंख्या की तुलना में मतदाताओं की संख्या 68 फीसदी है। पर महाराष्ट्र में कुल जनसंख्या में से 78 फीसदी मतदाता हैं। राज्य के मुख्य चुनाव अधिकारी कार्यालय के एक अधिकारी की माने तो राज्य में बढ़ते स्थलांतरण के चलते यहां मतदाताओं का प्रमाण अन्य राज्यों की तुलना में अधिक है। 

12 लाख पहली बार करेंगे मतदान

अधिकारी ने बताया कि चुनाव घोषित होने तक मतदाता सूची में नाम शामिल करने की प्रक्रिया शुरु रहेगी। नए जुड़े 28 लाख मतदाताओं में से 12 लाख मतदाता 18 से 19 आयु वर्ग वाले हैं। ये पहली बार मतदान करेंगे। जबकि 20 से 29 आयु वर्ग वाले मतदाताओं की संख्या 1 करोड़ 60 लाख है।

 वर्ष          कुल मतदाता           महिला मतदाता

2014      7,92,49,862           3,79,74,127
2019      8,73,30484            4,1600000

Created On :   9 Feb 2019 7:04 PM IST

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story