- Home
- /
- उद्योजिका मेले से महिलाओं को मंच के...
उद्योजिका मेले से महिलाओं को मंच के साथ मिला आर्थिक बल

डिजिटल डेस्क, नागपुर। महिला सक्षमीकरण की बातें हर जगह की जाती हैं, लेकिन आज भी महिला सक्षमीकरण में बहुत तकलीफें हैं। महिलाओं ने हर क्षेत्र में अपना वर्चस्व स्थापित तो किया है, लेकिन आज भी वे दबाव में रहती हैं। उक्त विचार पत्रकार सरिता कौशिक ने रेशमबाग मैदान में नागपुर महानगर पालिका के महिला व बालकल्याण समिति व समाज कल्याण विभाग द्वारा "शहर समृद्धि उत्सव" के अंतर्गत महिला उद्योजिका के उद्घाटन के अवसर पर व्यक्त किए। उन्होंने आगे कहा कि महिलाओं ने हर क्षेत्र में अपना नाम कमाया है। आज हर उच्च पद पर महिलाएं भी कार्यरत हैं। महिला उद्योजिका मेला के संबंध में उन्होंने कहा कि महिला उद्योजिका मेले के माध्यम से उन महिलाओं मंच मिला है। साथ ही उन्हें आर्थिक बल भी मिला है। मंच पर महिला व बालकल्याण समिति की सभापति प्रगति पाटील, उपसभापति विशाखा मोहोड, सदस्य दिव्या धुरडे, रश्मी धुर्वे, पत्रकार संघ के अध्यक्ष प्रदीप मैत्र, पत्रकार प्रवीण मुधोलकर, राजेश्वर मिश्रा, बरखा माथुर, दीप्ति मुले उपस्थित थीं।
शहर महिला सक्षमीकरण का आदर्श उदाहरण
पत्रकार संघ के अध्यक्ष प्रदीप मैत्र ने कहा कि महिला सक्षमीकरण की दृष्टि से किया गया उपक्रम अभिनंदनीय है। शहर में बहुत सारी ऐसी महिलाएं हैं, जो उच्च पदों पर कार्यरत हैं। महिला सक्षमीकरण का आदर्श उदाहरण हमारा शहर है। कार्यक्रम की प्रस्तावना समिति सदस्य दिव्या धुरडे ने रखी। संचालन स्मिता खनगई तथा अाभार प्रदर्शन ज्योत्सना देशमुख ने माना। इस दौरान योग शिक्षक दंपति हरिभाऊ और सुषमा क्षीरसागर, मानसिक तनाव मुक्ति पर व्याख्यान देने वाली तृप्ति नेरकर, पत्रकार रेवती जोशी-अंधारे, सामाजिक कार्यकर्ता नाहीद फाजील, छायाचित्रकार संगीता महाजन, उद्योजिका विनी मेश्राम आदि को सम्मान चिन्ह देकर सम्मानित किया गया।
लोकतंत्र पखवाड़े का होगा आयोजन
राज्य चुनाव आयोग द्वारा 25 जनवरी से 10 फरवरी तक लोकतंत्र पखवाड़े का आयोजन किया जा रहा है। लिहाजा व्यापक स्तर पर जगजागृति की जा रही है। मनपा की ओर से कार्यक्रम स्थल पर छोड़े गए बलून में मतदाता पंजीयन का संदेश दिया गया। वह संदेश था ‘उठ मतदारा जागा हो, मतदानाचा धागा हो। इस दौरान बॉलीवुड सिंगर दीपाली साठे द्वारा साठ के दशक से अभी तक के गानों की प्रस्तुति दी गई। इस परफाॅर्मेंस में यात्रा बैंड ने साथ दिया।
Created On :   8 Jan 2019 2:00 PM IST