- Home
- /
- लॉकडाउन में दी जाने वाली सहायता...
लॉकडाउन में दी जाने वाली सहायता राशि से मजदूर वंचित

डिजिटल डेस्क, अमरावती। गत वर्ष 14 अप्रैल को राज्य सरकार द्वारा लॉकडाउन की पाबंदियों को अधिक सख्त बनाने का ऐलान किया गया था। इसके साथ ही इस बात की घोषणा भी की गई थी कि राज्य भर के मजदूरी वर्ग के ऑटो चालकों, फुटपाथ विक्रेताओं, हाथगाड़ी चालकों, निर्माणकार्य से जुड़े हर मजदूर को रु. 1500 बतौर सहायता निधि दी जाएगीे। यह घोषणा 10 माह पहले की गई थी। इस दौरान कुल 80 हजार 592 लोगों को सहायता भी उपलब्ध कराई गई है। लेकिन जिले भर के कुल 31 हजार 329 लाभार्थी ऐसे हैं जो अपने खाते में 1500 रुपए जमा होने का इंतजार कर रहे हैं।
जिला कामगार कल्याण कार्यालय के अनुसार अमरावती जिले में सरकार द्वारा घोषित लाभार्थी वर्ग में आनेवाले श्रमिकों की कुल संख्या 1 लाख 11 हजार 921 है। जिनमें करीब 83 हजार 790 मजदूर वर्ग से जुड़े हैं। जबकि अन्य 30 हजार लाभार्थियों में ऑटो चालक, पथविक्रेता व हाथगाड़ी चालक शामिल हैं। इन्हें कुल 12 करोड़ रुपए की राशि जमा की गई है। इन सबके बावजूद अब भी जिले के करीब 30 हजार लाभार्थी अपने खातों में यह राशि जमा होने का इंतजार कर रहे हंै। जिला कामगार कल्याण विभाग के अनुसार सरकार को सभी सुचीबध्द पथविक्रेताओं, ऑटो चालकों व मजदूरों की सूची उपलब्ध करा दी गई है। सीधे केंद्रीय प्रणाली के तहत इन खातों में पैसे जमा कराए जा रहे हैं। जिन लाभार्थियों को अब तक योजना का लाभ नहीं मिल पाया है, उनके लिए वरिष्ठ कार्यालयों को निवेदन किया जाएगा।
स्थानीय स्तर की समस्या नहीं
हमारी ओर से राज्य सरकार को सूचना देने में कोई कमी नहीं की गई है। सरकार द्वारा अधिकत्तर लाभार्थियों के खाते में निधि भेजी जा चुकी है। बचे हुए लाभार्थियों को भी जल्द सहायता प्राप्त होने की उम्मीद है। - महेंद्र इलवे, सहायक कामगार आयुक्त
Created On :   9 Feb 2022 12:21 PM IST