- Home
- /
- आंतरिक परिवाद समिति एवं महिला...
आंतरिक परिवाद समिति एवं महिला सशक्तिकरण क्लब द्वारा कार्यशाला का आयोजन

डिजिटल डेस्क, पन्ना। छत्रसाल महाविद्यालय पन्ना में आंतरिक परिवाद समिति, महिला सशक्तिकरण तथा लैंगिक समानता क्लब के तत्वाधान में कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि वरिष्ठ अधिवक्ता आशा खरे, अध्यक्षता महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. एच.एस. शर्मा ने की जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में वरिष्ठ समाजसेवी एडवोकेट आशीष बोस रहे। मुख्य अतिथि आशा खरे ने आंतरिक परिवाद समिति की कार्यप्रणाली न्यायालयीन प्रक्रिया तथा वर्तमान में कानूनी प्रावधान के संबंध में छात्र-छात्राओं को विस्तार से जानकारी बताई।
विशिष्ट अतिथि आशीष बोस ने किशोर न्यायालय एवं पॉक्सो एक्ट के संबंध में विद्यार्थियों को अवगत कराया। महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. एच.एस. शर्मा ने अपने उद्बोधन में विद्यार्थियों से कहा कि सभी विद्यार्थी महाविद्यालयीन समय का सर्वाधिक उपयोग अपनी पढ़ाई में करें और ज्ञान की शक्ति प्राप्त कर समाज तथा राष्ट्र की उन्नति में अपना योगदान दें।
समाज में हो रहीं महिलाओं के प्रति निंदनीय घटनाओं के प्रति चिंता जाहिर करते हुए विद्यार्थियों को जागरूक किया। कार्यक्रम की संयोजक डॉ. उषा मिश्रा ने कहा कि भारतीय संस्कृति में नारी की गौरवमई स्थिति होते हुए भी शक्तिस्वरूपा नारी को आज पुन: सशक्तिकरण की आवश्यकता हुई। डॉ. मनोरमा गुप्ता ने कहा कि बेटियां दो कुलों की शान होती है तथा छात्रों को भी इस बात का ध्यान रखना चाहिए कि वह जिस तरह का बर्ताव अपनी बहिन, मां के साथ करता है ठीक वैसा ही व्यवहार वह समाज के अन्य माताओं बहिनों के साथ करें तो समाज में अपराधों को रोका जा सकता है।
डॉ. उमा त्रिपाठी ने अपने उद्बोधन में विद्यार्थियों को अनुशासन में रहकर विद्या अध्ययन करें एवं लक्ष्य की तरफ निरंतर बढ़ते जाएं बिना किसी भेदभाव के तभी राष्ट्र निर्माण हो सकेगा। दलित महिलाओं के बारे में भी हमें सोचना चाहिए। डॉ. सिद्धू सिंह ने विद्यार्थियों से कहा कि वह आपस में भाईचारा बनाकर विद्या अध्ययन कर अपने लक्ष्य को प्राप्त करें। कार्यक्रम का आभार राष्ट्रीय सेवा योजना के कार्यक्रम अधिकारी धर्मेन्द्र प्रसाद कुशवाहा ने किया। कार्यक्रम में मुख्य रूप से डॉ. एस.पी.एस. परमार, डॉ. आर.एम. दत्ता, डॉ. आनंद चौरसिया, डॉ. समीक्षा सिसोदिया, डॉ अमिता सिन्हा सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
Created On :   24 Nov 2022 10:11 PM IST