- Home
- /
- यशवंत सिन्हा की अगुवाई में सर्वदलीय...
यशवंत सिन्हा की अगुवाई में सर्वदलीय नेता करेंगे फडणवीस सरकार का विरोध

डिजिटल डेस्क, नागपुर। सरकार के विरोध में क्षेत्रीय दलों के सहयोग से आंदोलन खड़ा कर रहे BJP के वरिष्ठ नेता यशवंत सिन्हा मई में आक्रामक भूमिका में नजर आएंगे। 7 मई को अकोला में मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के विरोध में आंदोलन किया जाएगा। उसके पहले 1 मई को भीमा काेरेगांव प्रकरण को लेकर कोल्हापुर में मूक प्रदर्शन होगा। राष्ट्रमंच के बैनर तले होने वाले इन प्रदर्शनों में कांग्रेस, राकांपा, तृणमूल कांग्रेस, आम आदमी पार्टी के अलावा किसान संगठन व आंबेडकरवादी संगठन शामिल रहेेंगे।
शनिवार को मुंबई में हुई बैठक में लिए गए निर्णयों में राज्य सरकार का विरोध करना भी प्रमुखता से शामिल है। बैठक में विदर्भ से अकोला के प्रशांत गावंडे, नागपुर से जय जवान जय किसान संगठन के संयोजक प्रशांत पवार व काटोल के BJP विधायक आशीष देशमुख भी प्रतिनिधि के तौर पर शामिल हुए। कांग्रेस की ओर से पूर्व मुख्यमंत्री पृथ्वीराज चव्हाण, राकांपा के जीतेंद्र आव्हाड़, तृणमूल कांग्रेस के द्विवेदी, प्रीतीश नंदी व आम आदमी पार्टी के नेताओं ने जनांदोलन की रुपरेखा पर जानकारी दी। सिन्हा केंद्रीय स्तर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व BJPध्यक्ष अमित शाह की कार्यप्रणाली का भी विरोध कर रहे हैं।
बैठक में केंद्रीय स्तर पर उठाए जाने वाले मुद्दों के एजेंडे पर चर्चा हुई, जिसमें प्रमुखता से कहा गया कि मोदी के प्रधानमंत्री बनने के बाद देश में प्रशासनिक व्यवस्था गड़बड़ा गई है। भय का वातावरण बना है। शैक्षणिक संस्थाओं के अलावा अन्य कार्यकारी संस्थाओं में पीएमओ की दखल बढ़ रही है। दबाव के कारण हर वर्ग परेशान है। महाराष्ट्र की स्थिति पर कहा गया कि मुख्यमंत्री फडणवीस केवल घोषणाएं करते हैं। किसानों को राहत देने के लिए कोई उपाय योजना नहीं की है। अकोला में सिन्हा के धरना-प्रदर्शन के दौरान मुख्यमंत्री ने जाे आश्वासन दिये थे, उन पर अमल नहीं हो पाया है। राज्य में सामाजिक न्याय के लिए नागरिक भटक रहे हैं। भीमा कोरेगांव प्रकरण में आरोपी को गिरफ्तार नहीं किया जा सका है। विदर्भ में किसानों की स्थिति का मामला भी आंदोलन के माध्यम से उठाया जाएगा।
चुनाव पूर्व पृथक विदर्भ का निर्माण करे BJP
BJP ने केंद्र की सत्ता मिलने के बाद तत्काल पृथक विदर्भ देने का आश्वासन दिया था। लेकिन इसकी पूर्ति अब तक नहीं की जा सकी। इससे विदर्भ की जनता में निराशा है। 2019 के चुनाव के पूर्व पृथक विदर्भ राज्य का आश्वासन BJP को पूर्ण करना चाहिए। अन्यथा विदर्भ से भारी विरोध झेलना होगा, यह चेतावनी विदर्भ राज्य आंदोलन समिति के मुख्य संयोजक राम नेवले ने दी। हुड़केश्वर चौक पर हुई कार्यकर्ताओं की बैठक को वे संबोधित कर रहे थे। समिति के कोर कमेटी सदस्य मंगलमूर्ति सोनकुसले ने इस सभा का आयोजन किया। सभा में राम नेवले के अलावा वित्त विशेषज्ञ डॉ. निवास खांदेवाले, राधिका हेडाऊ, अभ्युदय कोसे ने भी मार्गदर्शन किया।
प्रास्ताविक मुकेश मासूरकर ने तथा संचालन राजेश बंडे ने किया। खांदेवाले ने कहा कि पृथक विदर्भ के लिए अब आर-पार की लड़ाई लड़ी जानी चाहिए। 16 एवं 17 अप्रैल को विदर्भ राज्य आंदोलन समिति का दूसरा राष्ट्रीय अधिवेशन डॉ. वसंतराव देशपांडे सभागृह में आयोजित किया जाएगा। 1 मई को नागपुर के विधान भवन पर विदर्भ का झंडा फहराने का आंदोलन किया जाएगा। सभा में पी.एस. मेश्राम, जे.जे. गोस्वामी, राधिका हेडाऊ, मुकेश मासूरकर, तारेश दुरणकर, सीमा ठाकुर, हरिभाऊ भोयर, बंडोपंत तडसे, विनायक कापसे, चंद्रशेखर तिडके, प्रमोदराव राऊत, प्रभाकर निमजे, पंकज मिटे, सुभाष वसु, सागर लांबट, नंदकिशोर शिरपुरकर, प्रभाकर खडसे, संजय येरणे, दिलीप भोयर आदि कार्यकर्ता उपस्थित थे।
Created On :   1 April 2018 5:25 PM IST