दही हांडी उत्सव के दौरान गिरने से युवक की मौत, उड़ाई कोर्ट के निर्देशों की धज्जियां

Young man dead due to fall during Dahi handi festival
दही हांडी उत्सव के दौरान गिरने से युवक की मौत, उड़ाई कोर्ट के निर्देशों की धज्जियां
दही हांडी उत्सव के दौरान गिरने से युवक की मौत, उड़ाई कोर्ट के निर्देशों की धज्जियां

डिजिटल डेस्क, मुंबई। दही हंडी उत्सव के दौरान अदालत के तमाम निर्देशों के बावजूद गोविंदाओं के घायल होने का सिलसिला नहीं थम रहा। सोमवार को शाम छह बजे तक उत्सव के दौरान एक गोविंदा की मौत और 86 लोगों के घायल होने की जानकारी सामने आई। घायलों में 37 लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है जबकि बाकियों को प्राथमिक उपचार के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। अस्पताल में भर्ती गोविंदाओं की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।

दही हंडी उत्सव के दौरान धारावी में रहने वाले कुश खंदारे (20) नाम के शख्स की मौत हो गई। बाल गोपाल मित्र मंडल में शामिल खंदारे पहले ही थर पर चढ़ा था। इसी दौरान उसे चक्कर आया और वह गिर पड़ा। कुश को तुरंत सायन अस्पताल ले जाया गया, लेकिन दाखिल करने से पहले ही डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस के मुताबिक कुश की मौत मिर्गी का दौरा पड़ने के चलते हुई। मामले की जांच चल रही है।

दही हंडी उत्सव के दौरान सायन, केईएम, नायर, जीटी, एसएल रहेजा, सेंट जार्ज, वीएन देसाई, भाभा जैसे कई अस्पतालों में घायल गोविंदाओं का तांता लगा रहा। आशंका है कि उत्सव खत्म होते होते घायल गोविंदाओं का आंकड़ा और बढ़ सकता है। फिलहाल जो जानकारी सामने आई है वह पिछले साल घायल गोविंदाओं के काफी कम है। साल 2017 में दही हंडी उत्सव के दौरान 202 गोविंदा घायल हुए थे।

पिछले कुछ सालों में घायल हुए गोविंदा

साल        घायल

2017      202
2016      147
2015      129
2014      202
2013      365

ठाणे में भी 10 गोविंदा घायल
मुंबई से सटे ठाणे जिले में भी दही हंडी उत्सव जोरशोर से मनाया जाता है। यहां भी मानव पिरामिड बनाने के दौरान 10 गोविंदाओं के घायल होने की सूचना है। घायल गोविंदाओं में दो 10 साल के बच्चे भी हैं हालांकि अदालत ने 14 साल के कम उम्र के बच्चों के पिरामिड में शामिल होने पर रोक लगा रखी है।

मुख्यमंत्री ने बढ़ाया उत्साह
गोविंदाओं का उत्साह बढ़ाने मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस खुद ठाणे पहुंचे। गोविंदाओं को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि प्रभू श्रीकृष्ण के आशीर्वाद से आप इस दहीहंडी को फोड़िए हम अत्याचार और भ्रष्टाचार की हांडी फोड़ देंगे।   

Created On :   3 Sept 2018 9:10 PM IST

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story