- Home
- /
- युवक कांग्रेस चुनावी मोड पर , मतदान...
युवक कांग्रेस चुनावी मोड पर , मतदान कार्यक्रम घोषित

डिजिटल डेस्क, नागपुर । राज्य में युवक कांग्रेस का संगठनात्मक चुनाव कार्यक्रम घोषित हो गया है। जिला स्तर पर भी चुनाव होंगे। मनपा चुनाव के पहले युवक कांग्रेस का यह चुनाव काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। अचानक चुनाव कार्यक्रम घोषित होने से कार्यकर्ताओं में हलचल शुरू हो गई है। शहर, जिला व प्रदेश स्तर पर चुनाव लड़ने के इच्छुकों ने बैठक शुरू कर दी है। 26 अक्टूबर को मुंबई में प्रदेश स्तर की बैठक होगी।
26 से नाम पंजीयन
युवक कांग्रेस चुनाव के लिए 26 अक्टूबर से नाम पंजीयन प्रक्रिया शुरू होगी। 12 दिसंबर तक सदस्य प्रक्रिया पूरी होगी। दिसंबर में ही नई कार्यकारिणी तैयार होगी। कांग्रेस नेता राहुल गांधी की संकल्पना के आधार पर पदाधिकारियों का चयन चुनाव के माध्यम से किया जा रहा है। पार्टी की ओर से दावा किया गया है कि चुनाव कराने से बहुमत के आधार पर सामान्य कार्यकर्ता भी पदाधिकारी बनता है। चयन प्रक्रिया में केवल बड़े नेताओं के करीबियों को स्थान मिलता है। हालांकि चुनाव प्रक्रिया को लेकर विवाद भी रहे हैं। युवक कांग्रेस का पदाधिकारी बनने के लिए एक करोड़ रुपए तक खर्च करने के आरोप नेता पुत्र पर लगे हैं।
2018 में हुआ था चुनाव
सितंबर 2018 में युवक कांग्रेस का संगठनात्मक चुनाव हुआ था। मतदान के लिए 12500 मतदाता पंजीयन कराया गया था। उसमें से 5023 युवाओं ने मतदान किया था। शहर अध्यक्ष पद के लिए तौसिफ खान व धीरज पांडे के बीच प्रमुख मुकाबला हुआ था। तौसिफ 1491 मत पाकर शहर अध्यक्ष चुने गए थे। शहर से प्रदेश कार्यकारिणी के लिए 5 पदाधिकारी चुने गए थे। उनमें कुणाल राऊत, भूषण मरसकोल्हे, नेहा निकोसे, अजित सिंह, रोहित खैरवार शामिल थे। युवक कांग्रेस में भी गुटबाजी रही। शहर में करीब 5 से अधिक गुट सक्रिय हैं।
जल्द स्थिति होगी स्पष्ट
2018 के चुनाव में कुणाल राऊत ने अध्यक्ष पद के लिए चुनाव लड़ा था, लेकिन उपाध्यक्ष चुने गए। इस बार दावा किया जा रहा है कि कांग्रेस का प्रदेश अध्यक्ष विदर्भ से होने से युवक कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष पद के लिए विदर्भ के कार्यकर्ता को अच्छा बैकअप मिल सकता है। शहर अध्यक्ष पद के लिए कई नाम सामने आ रहे हैं। एक दो दिन में कुछ स्थिति साफ हो सकती है।
Created On :   22 Oct 2021 2:56 PM IST












