पुलिस पिटाई के बाद अस्पताल में भर्ती युवक की हुई मौत, भड़के लोग

Youth dead in hospital after beating by police,  Angry people attacked on security
पुलिस पिटाई के बाद अस्पताल में भर्ती युवक की हुई मौत, भड़के लोग
पुलिस पिटाई के बाद अस्पताल में भर्ती युवक की हुई मौत, भड़के लोग

डिजिटल डेस्क, मुंबई। पुलिस की कथित पिटाई के बाद अस्पताल में सायन अस्पताल में भर्ती कराए गए सचिन जैस्वार (17) नाम के युवक की मौत हो गई। सचिन की मौत से नाराज करीब 100 लोगों ने अस्पताल के बाहर मौजूद पुलिस और सुरक्षाकर्मियों पर हमला कर दिया। हमले में दो पुलिसकर्मियों समेत पांच लोग घायल हुए हैं। सायन पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर मामले की छानबीन शुरू कर दी है।

धारावी इलाके में रहने वाले सचिन को कुछ दिन पहले पुलिसवाले उनके घर से मोबाइल चोरी के मामले में पूछताछ करने के लिए ले गए थे। सचिन को करीब 22 घंटे बाद पुलिसवालों ने छोड़ा था। परिवार वालों के मुताबिक सचिन से मारपीट की गई थी और उसके शरीर पर चोट के निशान थे। बाद में सचिन की तबीयत खराब हो गई और उसे खून की उल्टियां और दस्त होने लगी। जिसके बाद उसे सायन इलाज के लिए सायन अस्पताल में भर्ती कराया गया था।

शनिवार देर रात सचिन ने दम तोड़ दिया। इसके बाद नाराज करीब 100 लोग सायन अस्पताल पहुंचे और उन्होंने पुलिसवालों और महाराष्ट्र राज्य सुरक्षा महामंडल (एमएसएससी) के सुरक्षाकर्मियों पर हमला कर दिया। हमले में दो कांस्टेबल और एमएसएससी के तीन जवान जख्मी हो गए। सभी को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हिंसक भीड़ ने पुलिस की गाड़ियों में भी तोड़फोड़ की। हालांकि अस्पताल के भीतर दाखिल होने की उनकी कोशिश नाकाम रही। हमले में बाद पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ आईपीसी की धारा 143, 144, 145, 147, 149, 333, 353 के तहत एफआईआर दर्ज की है। आरोपियों की पहचान के लिए सीसीटीवी की सहारा लिया जा रहा है।

बीमारी के चलते मौत का दावा
सचिन की मौत को रफा दफा करने की कोशिश में जुटे पुलिसवालों का दावा है कि उसकी मौत बीमारी से हुई है। लेकिन सचिन के भाई सुनील ने ने बताया कि पुलिस द्वारा हिरासत में लिए जाने से पहले सचिन पूरी तरह स्वस्थ था। उसे 22 घंटे बाद छोड़ा गया तो उसके शरीर पर चोट के निशान थे। वह ठीक से चल नहीं पा रहा था। उसने यह भी बताया था कि पुलिस वालों ने उसे गंदे बाथरूम में बंद कर रखा था। अब डॉक्टर बता रहे हैं कि सचिन की मौत लेप्टोस्पायरोसेस नाम की बीमारी से हुई है जो गंदगी के चलते होती है। हो सकता है इसी के चलते उसे बीमारी हुई हो। सचिन के परिवार ने आरोपी पुलिसकर्मियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज किए जाने तक उसका शव लेने से इनकार कर दिया है। 

Created On :   22 July 2018 6:14 PM IST

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story