- Home
- /
- नंदनवन क्षेत्र में दो गुटों के बीच...
नंदनवन क्षेत्र में दो गुटों के बीच हुए विवाद में युवक की हत्या

डिजिटल डेस्क, नागपुर। नंदनवन क्षेत्र में दो गुटों के बीच हुए विवाद में एक युवक की हत्या कर दी गई। मृतक का नाम अनिकेत नरेंद्र भोतमांगे (21) है। औजार दिखाने की बात को लेकर दोनों गुटों में अनबन हो गई। उसके बाद विवाद बढ़ने पर आरोपियों में एक आरोपी ने अनिकेत पर गुप्ती से हमला कर दिया। अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। हत्या के आरोप में पुलिस ने 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें कुछ आपराधिक छवि वाले हैं।
एक-दूसरे को देख लेने की धमकी
पुलिस के अनुसार अनिकेत अपने परिवार के साथ परदेसीपुरा, गड्डीगोदाम में रहता था। वह इंदोरा चौक में फिशपॉट बनाने वाले कारखाने में काम करता था। फ्रेंडशिप-डे के दिन वह शहर से बाहर 8 दोस्तों के साथ पार्टी मनाने गया। पार्टी में वैभव बांगडे वाठोड़ा बस्ती निवासी भी शामिल था। सभी दोस्त हैं। इस पार्टी में युवती के मामले को लेकर अनिकेत और वैभव के बीच विवाद हुआ, तो दोनों ने एक-दूसरे को देख लेने की धमकी दी। 3 अगस्त को दोपहर करीब 3 बजे अनिकेत को उसके मित्र रोहन शंभरकर और एक अन्य घर से बुलाकर लाए। उसके बाद अनिकेत, रोहन, समीर शंभरकर और अभिषेक चौधरी दोपहिया वाहन से हिवरी नगर स्थित एनआईटी गार्डन के पास पहुंचे। वहां पहले से वैभव (20), सुमित उर्फ भोला वाघमारे जयभीम चौक, शोएब शेख (20), नचिकेत पवार हिवरी नगर और पवन रेवतकर शास्त्री नगर निवासी शराब पार्टी कर रहे थे। अनिकेत और उसके साथी भी शराब पीने के इरादे से वहां पर बैठ गए।
पीठ और कमर पर वार
अनिकेत को देखकर वैभव को पुरानी दुश्मनी की बातें याद आ गईं। उसने औजार निकाला और अनिकेत को दिखाने लगा। अनिकेत ने उससे कहा कि दोस्त होकर दोस्त को औजार दिखाता है, यह ठीक बात नहीं है। इस बात पर अनिकेत और वैभव के बीच गाली-गलौज हो गई। उसके बाद वैभव ने अनिकेत की पीठ और कमर पर गुप्ती नुमा शस्त्र से हमला कर उसे जख्मी कर दिया। घटना के बाद सभी आरोपी फरार हो गए। गंभीर रूप से जख्मी अनिकेत के साथी रोहन, समीर और अभिषेक मेयो अस्पताल लेकर गए।
मेयो में भर्ती कराया
मेयो अस्पताल से अनिकेत के परिजनों को उसके साथियों ने बताया कि उसे मेयो अस्पताल में भर्ती किया है। वह एक घटना में जख्मी हो गया है। उसके परिजन मेयो अस्पताल पहुंचे। इस दौरान उसे डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद अनिकेत के पिता नरेंद्र भोतमांगे ने नंदनवन थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने हत्या का प्रकरण दर्ज कर आरोपी वैभव बांगडे, सुमित उर्फ भोला वाघमारे, शोएब शेख, नचिकेत पवार और पवन रेवतकर को गिरफ्तार किया है।
Created On :   5 Aug 2021 4:27 PM IST