- Home
- /
- एक तरफा प्यार में 19 साल के युवा ने...
एक तरफा प्यार में 19 साल के युवा ने विवाहिता की ली जान, गिरफ्तार

डिजिटल डेस्क, मुंबई। एक तरफा प्रेम के चलते महानगर के अंधेरी इलाके में एक 27 वर्षीय विवाहिता की सरेआम हत्या कर दी गई। पुलिस ने मामले में 19 वर्षीय एक युवक को गिरफ्तार कर लिया है। बुधवार देर रात घर जा रही महिला पर आरोपी ने एक पुल पर करीब 20 वार किए जिससे महिला की मौके पर ही मौत हो गई। गिरफ्तार आरोपी का नाम किस्मत शेख है। अन्ना बीबी शेख नाम की जिस महिला की हत्या हुई वह अंधेरी के ही मिनी गोल्ड बार में काम करती थी। आरोपी किस्मत आपराधिक प्रवृत्ति का है और कुछ दिनों पहले ही जेल से छूटा था।
इंतजार कर रहे आरोपी ने रोककर किया हमला
काम से छूटने के बाद बुधवार रात अन्नाबीबी अपने घर जा रही थी। रात साढ़े 10 बजे के करीब वह जैसे ही अंधेरी रेलवे स्टेशन पर पूर्व से पश्चिम को जोड़ने वाले पुलिस की सीढ़ियों पर पहुंची पहले से इंतजार कर रहे आरोपी किस्मत शेख ने उसे रोका और विवाद के बाद चाकू से ताबड़तोड़ वार कर दिए। अन्नाबीबी खून से लथपथ वहीं गिर पड़ी। उसे अस्पताल ले जाया गया लेकिन इलाज से पहले ही डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। प्राप्त जानकारी के मुताबिक अन्ना बीबी शादीशुदा थी और उसके दो बच्चे भी हैं। लेकिन आरोपी किस्मत उससे इकतरफा प्रेम करता था। कई दिनों से वह अन्ना बीबी शेख को परेशान कर रहा है। बार-बार उसे समझाइश दी गई, लेकिन वह नहीं माना।
आपराधिक प्रवृत्ति का है आरोपी
पुलिस के मुताबिक अण्णाबीबी और आरोपी मूल रूप से झारखंड के साहिबगंज के एक ही गांव के रहने वाले हैं। आरोपी किस्मत आपराधिक प्रवृत्ति का है और कुछ दिनों पहले ही जेल से छूटा था। महिला पर हमले के बाद आरोपी ने वहां से भागने की कोशिश की लेकिन आसपास मौजूद लोगों ने उसे पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने आईपीसी की धारा 302 के तहत हत्या का मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
Created On :   5 April 2018 11:00 PM IST