तीन मौतें: पानी में डूबने से महिला समेत दो की मौत, जहर पीकर एक युवक ने दी जान

पानी में डूबने से महिला समेत दो की मौत, जहर पीकर एक युवक ने दी जान
  • बिछुआ, लावाघोघरी और परासिया की घटनाएं
  • पेंचनदी में मिला परासिया के युवक का शव
  • जहर के सेवन से युवक की मौत

डिजिटल डेस्क, छिंदवाड़ा।मध्यप्रदेश के छिंदवाड़ा जिले के तीन अलग-अलग थाना क्षेत्र में पानी में डूबने और जहर खाने की वजह से तीन लोगों की जान चली गई। मृतकों में एक महिला भी शामिल है। बिछुआ के पानाथावड़ी से लापता एक महिला का शव शनिवार को कुएं में उतराता मिला। दूसरी घटना परासिया थाना क्षेत्र की है। यहां तालाब में एक युवक का शव मिला है। तीसरी घटना लावाघोघरी के ग्राम छिंदेवानी छाती की है। यहां एक युवक ने अज्ञात कारणों के चलते जहर का सेवन कर लिया था। इलाज के दौरान शनिवार को युवक की मौत हो गई। तीनों प्रकरणों में पुलिस ने मर्ग कायम कर मामलों को जांच में लिया है।

लापता महिला का कुएं में मिला शव

एएसआई अजय बघेल ने बताया कि बिछुआ के ग्राम पानाथावड़ी निवासी 50 वर्षीय पार्वती पति जयराम उईके दो अप्रैल से अचानक लापता हो गई थी। परिजन महिला की तलाश कर रहे थे। तलाश के दौरान शनिवार को पार्वती का शव गांव के एक खेत में बने कुएं में उतराता मिला। संभावना जताई जा रही है कि कुएं के पास से होकर जाने वाले पगडंडी रास्ते से गुजरते वक्त अनियंत्रित होकर पार्वती कुएं में जा गिरी। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

जहर के सेवन से युवक की मौत

अस्पताल चौकी पुलिस ने बताया कि लावाघोघरी थाना क्षेत्र के ग्राम छिंदेवानी छाती निवासी 30 वर्षीय देवमन पिता आनंदराव परतेती ने अज्ञात कारण के चलते 5अप्रैल को जहर का सेवन कर लिया था। परिजनों ने देवमन को बेहोशी की हालत में जिला अस्पताल लाकर भर्ती कराया था। यहां इलाज के दौरान शनिवार को उसकी मौत हो गई। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

पेंचनदी में मिला परासिया के युवक का शव

न्यूटन चिखली के मायावाड़ी स्थित पेंचनदी डेम में रविवार सुबह एक युवक का शव मिला है। मृतक की पहचान परासिया वार्ड क्र. 10 निवासी 24 वर्षीय सूरज पिता मूलचंद यादव के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार मृतक शुक्रवार से लापता था, उसके परिजनों ने शनिवार को परासिया थाने में उसके गुमशुदगी की सूचना दर्ज कराई थी। रविवार को युवक का शव पेंचनदी में उतराता मिला। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Created On :   8 April 2024 4:13 AM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story