- Home
- /
- राज्य
- /
- उत्तर प्रदेश
- /
- अखिलेश यादव ने योगी आदित्यनाथ की ली...
UP News: अखिलेश यादव ने योगी आदित्यनाथ की ली चुटकी, कहा- खट्टे फल हैं, दोष है उस वृक्ष की जड़ में

डिजिटल डेस्क, लखनऊ। योगी आदित्यनाथ सरकार के एक प्रशासनिक अधिकारी (IAS) को इलाहाबाद हाईकोर्ट ने कड़ी फटकार लगाई है। दरअसल उन्होंने कोर्ट की शक्तियों को कमतर दिखाने का जानबूझकर सुनियोजित प्रयास किया था। अब इस मामले पर यूपी के पूर्व सीएम और सपा चीफ अखिलेश यादव की प्रतिक्रिया आई है। उन्होंने कहा कि वो तो खट्टे फल हैं, दोष तो उस वृक्ष की जड़ में है जिसके साये में वो काम कर रहे हैं।
सपा चीफ अखिलेश यादव ने एक्स पर पोस्ट कर लिखा "सुना है कि सीएम के अति प्रिय अधिकारी के अनुपयुक्त प्रशासनिक व्यवहार को माननीय इलाहाबाद हाईकोर्ट द्वारा दंडित किया गया है, और भविष्य में उनको किसी दायित्व दिये जाने के लिए उनकी योग्यता पर शंका प्रकट की गयी है और उनके दुर्व्यवहार का मामला ‘कार्मिक एवं प्रशिक्षण विभाग’ को भेज दिया गया है, साथ ही कैबिनेट की अपॉइंटमेंट कमेटी को भी।"
उन्होंने आगे लिखा "दरअसल वो तो खट्टे फल हैं, दोष तो उस वृक्ष की जड़ में है जिसके साये में वो कार्यरत हैं। लोक सेवक जब अपने को लोक शासक समझने लगता है तो उसका अहंकार न्यायालय तक की अवमानना करने लगता है। वैसे क्यों न ऐसा किया जाए कि जिस तरह टीचर्स को अपनी योग्यता पुनः साबित करने के लिए फिर से परीक्षा पास करने के लिए कहा जा रहा है, वैसा ही नियम प्रशासनिक अधिकारियों पर भी लागू हो, जिससे समय-समय पर उनकी योग्यता की जाँच हो सके। हम शिक्षकों से पूछ रहे हैं हमने कुछ गलत कहा क्या?"
बता दें, IAS अधिकारी अदालत के एक फैसले को लागू करने से रोकने की कोशिश का आरोप है। कोर्ट ने कहा ऐसे इस तरह के कार्यों पर ध्यान नहीं दिया गया तो संवैधानिक अदालतों के आदेश बेअसर हो जाएंगे।
Created On :   6 Jun 2026 12:40 AM IST










