बिहार के भागलपुर में गंगा नदी पर बन रहा निर्माणाधीन पुल गिरा, एक साल पहले भी एक हिस्सा गिरा था

बिहार के भागलपुर में गंगा नदी पर बन रहा निर्माणाधीन पुल गिरा, एक साल पहले भी एक हिस्सा गिरा था
  • पुल का 192 लंबा मीटर हिस्सा गिरा
  • शाम के वक्त हुआ हादसा

डिजिटल डेस्क, बिहार। बिहार के भागलपुर जिले में अगुवानी-सुल्तागंज के बीच गंगा नदी पर बन रहा निर्माणाधीन फोरलेन पुल गिर गया है। जानकारी के मुताबिक, पुल का लगभग 192 मीटर का हिस्सा नदी में गिरा है। गनीमत यह रही कि जिस समय यह हादसा हुआ उस दौरान ब्रिज कोई मजदूर नहीं था। हालांकि इतना लंबा-चौड़ा हिस्सा नदी में गिरने से कई फीट ऊंची लहरें उठीं, जिससे नदी में नाव में बैठे लोग डर गए और किनारे की तरफ लौट आए। बताया जा रहा है कि अगुवानी के तरफ से पुल के पाया नंबर 10,11 और 12 के ऊपर का पूरा सुपर स्ट्रक्चर गिरा है जिसकी कुल लंबाई करीब 192 मीं होगी। बता दें कि पुल खगड़िया और भागलपुर जिलों को जोड़ने के लिए अगुवानी और सुल्तानगंज के बीच बनाया जा रहा है।

पिछले साल भी गिरा था एक हिस्सा

गौरतलब है कि पिछले साल 27 अप्रैल को पुल का एक हिस्सा गिर गया था। तब तेज आंधी और बारिश के चलते पुल का करीब 100 फीट लंबा हिस्सा जमीदोंज हो गया था। इस पुल का निर्माण एसपी सिंगला कंपनी कर रही थी। 2014 में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने खगड़िया जिले के परबत्ता में पुल निर्माण की आधारशिला रखी थी।

इसके बाद 9 मार्च 2015 से पुल निर्माण का कार्य शुरू हुआ था। पिछले साल इसका एक हिस्सा गिरने के बाद दोबारा शुरू हुआ था। इस बार 3.160 किलोमीटर लंबे इस पुल का 80 फीसदी निर्माण हो गया था। इसके अलावा अप्रोच रोड का काम भी 45 फीसदी पूरा कर लिया गया था। इस पुल की लागत 1717 करोड़ रुपए बताई जा रही है।

गरमाई सियासत

पुल गिरने की घटना के बाद पक्ष और विपक्ष के बीच बयानबाजी भी शुरू हो गई है। विपक्ष जहां इसे भ्रष्टाचार बताकर सरकार पर निशाना साध रहा है, वहीं सरकार इस घटना की जांच करने और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की बात कह रही है।

नेता प्रतिपक्ष विजय कुमार सिन्हा ने सरकार पर निशाना साधते हुए कहा है कि सरकार के भ्रष्टाचार पर जीरो टॉलरेंस का एक और नया रूप सामने आया है। 2014 में 600 करोड़ की लागत में बन रहा पुल 2023 आते-आते 1600 करोड़ कैसे पहुंच गया इसकी जांच होनी चाहिए।

Created On :   4 Jun 2023 2:10 PM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story