PhonePe : यूजर्स के लिए बड़ी खबर! Yes Bank पर संकट के कारण बंद हुआ ऐप

PhonePe : यूजर्स के लिए बड़ी खबर! Yes Bank पर संकट के कारण बंद हुआ ऐप

Bhaskar Hindi
Update: 2020-03-06 12:38 GMT
PhonePe : यूजर्स के लिए बड़ी खबर! Yes Bank पर संकट के कारण बंद हुआ ऐप
हाईलाइट
  • RBI ने Yes Bank की कई सेवाओं पर 5 मार्च तक रोक लगाया
  • फोन पे ऐप बंद होने से परेशान हुए यूजर्स

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) ने Yes Bank की लगातार बिगड़ती स्थिति पर कार्रवाई करते हुए उसकी कई सेवाओं पर 5 मार्च को 30 दिन तक के लिए रोक लगा दी है। इसका सीधा असर फाइनेंशियल टेक्नोलॉजी कंपनी PhonePe की सर्विस पर भी पड़ा है और इस ऐप की सेवाओं को बंद कर दिया गया है। इससे इस ऐप के यूजर्स परेशान हो रहे हैं। फिलहाल कहा नहीं जा सकता कि यह ऐप कब तक चालू होगा। बता दें कि PhonePe ने Yes Bank को अपना बैंकिंग पार्टनर बनाया है।

बताया जा रहा है कि Yes Bank पर लगी रोक के बाद डिजिटल भुगतान सेवाओं का प्रमुख प्लेटफार्म यूनिफाइड पेमेंट्स इंटरफेस (UPI) आधारित लेन-देन रुक गया है। इसी कारण बैंक के सबसे बड़े पेमेंट पार्टनर PhonePe बुरी तरह प्रभावित हुआ है। यस बैंक ने अपनी खस्ता हालत की वजह से दिसंबर, 2019 तिमाही नतीजे घोषित नहीं किए हैं। एनपीए की वजह से बैंक की सुरक्षित पूंजी कम हो गई है।

फ्लिपकार्ट, स्विगी और मेक माय ट्रिप के सिस्टम से हटा PhonePe
फ्लिपकार्ट, स्विगी और मेक माय ट्रिप जैसी कंपनियों ने भी अपने सिस्टम से PhonePe हटा दिया है। UPI ऑप्शन को भी फ्लिपकार्ट और स्विगी से हटा दिया गया है। पेमेंट के लिए जिनका पैसा PhonePe वॉलेट में था, फिलहाल वो फंसा रहेगा। honePe की ओर से ट्वीट कर जानकारी दी गई कि "अनशेड्यूल्ड मैन्टेनेंस एक्टिविटी" के कारण अभी सेवाओं को रोका गया है। इसके लिए हमें खेद है, हम जल्द ही वापस आएंगे। 

 


टीम ने रात भर काम किया, कुछ घंटों में सब ठीक हो जाएगा
honePe की ओर से कोई ऑफिशियल स्टेटमेंट अभी तक जारी नहीं किया गया है, लेकिन कंपनी के सीईओ समीर निगम ने एक ट्वीट किया है। PhonePe के सीईओ समीर निगम ने ट्विटर पर यूजर्स को बताया कि हमें इस रुकावट के लिए खेद है। हमारे साझेदार Yes Bank पर भारतीय रिजर्व बैंक ने कई प्रतिबंध लगा दिए हैं। हमारी पूरी टीम ने रात भर सेवाएं जारी रखने के लिए काम किया है। हमें उम्मीद है कि यह कुछ घंटों में ठीक हो जाएगा।

 

50 हजार से ज्यादा राशि नहीं निकाल सकेंगे
बता दें कि रिजर्व बैंक ने संकट में फंसे यस बैंक पर गुरुवार को मौद्रिक सीमा लगा दी है। इसके तहत खाताधारक अब यस बैंक से 50 हजार रुपए से ज्यादा रकम नहीं निकाल सकेंगे। निकासी की यह सीमा 5 मार्च से 3 अप्रैल, 2020 तक लागू रहेगी। RBI के इस कदम के बाद से ही पूरे देश समेत दिल्ली-एनसीआर के तमाम यस बैंक के एटीएम और बैंक शाखाओं पर लंबी कतारें लगी हैं। तमाम ग्राहक अपना पैसा असुरक्षित होने के डर से इसे बैंक से निकालना चाहते हैं, हालांकि कही सर्वर जाम, कहीं लंबी लाइन और कहीं टोकन न मिल पाने के कारण लोगों को निराश होकर लौटना पड़ रहा है।
 

 

Tags:    

Similar News