नोटबंदी के 9 महीने बाद RBI में लौटे 1000 के 99% नोट !
नोटबंदी के 9 महीने बाद RBI में लौटे 1000 के 99% नोट !
डिजिटल डेस्क,नई दिल्ली। 8 नवंबर की रात 500 और 1000 के नोट चलन से बाहर हो गए थे। लेकिन नोटबंदी के 9 महीने बाद भी यह न बताया जाना कि कितने पुराने नोट वापस आए हैं, आम आदमी से लेकर सुप्रीम कोर्ट तक को हैरान करने वाली बात थी। अब RBI ने अपनी वेबसाइट पर एक आंकड़ा देते हुए बताया है कि लगभग 99% 1000 के नोट बैंकिंग सिस्टम में वापस आ गए हैं। आंकड़ों के मुताबिक मार्च 2017 तक 8,925 करोड़ 1000 के नोट सर्कुलेशन में थे। RBI के मुताबिक "सर्कुलेशन वाले नोट" वे हैं जो रिजर्व बैंक से बाहर हैं।
आपकों बता दें कि वित्त राज्य मंत्री संतोष गंगवार के 3 फरवरी को दिए गए बयान के मुताबिक 8 नवंबर तक 6.86 करोड़ रुपये से ज्यादा के 1000 के नोट सर्कुलेशन में थे। मार्च 2017 तक सर्कुलेशन वाले 1000 के नोट कुल नोटों का 1.3 प्रतिशत थे। इसका मतलब 98.7 प्रतिशत नोट RBI में लौट आए थे। इस बारे में जब RBI से बात करने की कोशिश की गई तो कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली।
जेएनयू में इकनोमिक्स के प्रफेसर सुरजीत मजूमदार ने कहा, "जिस तरह 100 के नोट वापस आए हैं उसी तरह 500 के नोट भी वापस आए होंगे। मतलब कालाधन न के बराबर ख़त्म हुआ है।" उन्होंने कहा कि नोटबंदी में 15.4 लाख करोड़ की करंसी चलन से बाहर की गई थी। इसमें से 44 प्रतिशत 1000 के नोट थे और 56 प्रतिशत 500 के। बता दें कि जून में सरकार ने कहा था कि RBI अब भी वापस आए नोटों की गिनती कर रही है और इसे गिनने में समय लग सकता है।