प्रशासन है अलर्ट: राज्य में बढ़ती गोलीबारी की घटनाओं के बीच मुख्यमंत्री शिंदे की सुरक्षा बढ़ाई गई

  • अब सीएम की आवाजाही के दौरान रास्ते में भी पुलिस की होगी तैनाती
  • गोलीबारी की घटनाओं के बीच फैसला
  • मुख्यमंत्री शिंदे की सुरक्षा बढ़ाई

Tejinder Singh
Update: 2024-02-11 15:14 GMT

डिजिटल डेस्क, मुंबई, सोमदत्त शर्मा। राज्य में बढ़ रही गोलीबारी की घटनाओं के बीच गृह विभाग ने राज्य के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे की सुरक्षा और चाक चौबंद करने का फैसला किया है। सूत्रों का कहना है कि शिंदे के निजी और सार्वजनिक कार्यक्रमों में अब पहले से ज्यादा पुलिस वालों को तैनात किया जा रहा है। इसके अलावा मुख्यमंत्री के काफिले में भी सुरक्षा कड़ी करने के निर्देश जारी किए गए हैं। इसके साथ ही जिस रूट से मुख्यमंत्री शिंदे का काफिला गुजरेगा वहां के ट्रैफिक सिग्नलों पर भी पुलिस वालों को तैनात करने को कहा गया है।

दो दिन पहले ही मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के जन्मदिन के मौके पर ठाणे में उनके आवास के अंदर जाने पर पुलिस ने किसी भी तरह के मोबाइल फोन और कैमरे को साथ ले जाने को लेकर पाबंदी लगाई थी। ऐसा मुख्यमंत्री की सुरक्षा और आपराधिक प्रवृत्ति के लोगों को उनके साथ फोटो निकालने से बचने के लिए किया गया था।

मुख्यमंत्री कार्यालय के एक अधिकारी ने बताया कि मुख्यमंत्री शिंदे के आम जनता से घुल मिलकर बात करने के चलते इसका फायदा कुछ आपराधिक लोग उठा रहे हैं। लोग मुख्यमंत्री के साथ फोटो निकाल लेते हैं जिसका बाद में राजनीतिक फायदा विपक्ष उठाने की कोशिश कर रहा है। उसी से बचने के लिए मुख्यमंत्री की सुरक्षा बढ़ाने का फैसला किया गया है।

गौरतलब है कि उल्हासनगर के पुलिस स्टेशन में हुई फायरिंग और फिर गुरुवार शाम दहिसर में शिवसेना (उद्धव) के पूर्व नगरसेवक अभिषेक घोसालकर की हत्या के बाद राज्य में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठने लगे थे। इस पर विपक्ष ने राज्य के गृहमंत्री देवेंद्र फडणवीस से इस्तीफा भी मांगा था। शिवसेना (उद्धव) के सांसद संजय राऊत तो राज्य में जंगलराज की बात भी कह चुके हैं।


Tags:    

Similar News