निशाना: संजय राऊत ने कहा - महाराष्ट्र में है गुंडाराज, पूछा- शिंदे के अपराधियों से क्या हैं संबंध

मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के साथ बदमाश की तस्वीर पोस्ट कर बोले संजय राऊत

डिजिटल डेस्क, मुंबई. उल्हासनगर के पुलिस स्टेशन में भाजपा विधायक गणपत गायकवाड़ द्वारा की गई गोलीबारी के बाद शिवसेना (उद्धव) सांसद एवं प्रवक्ता संजय राऊत राज्य की शिंदे सरकार पर हमलावर हैं। राऊत ने मंगलवार को मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे की एक फोटो सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स) पर साझा की, जिसमें निलेश घायवल नाम का शख्स उनके साथ खड़ा हुआ दिखाई दे रहा है। राऊत का कहना है कि निलेश एक अपराधी है। राऊत ने सवाल पूछते हुए कहा कि मुख्यमंत्री शिंदे के अपराधियों से क्या संबंध हैं? राऊत ने सोमवार को शिंदे के सांसद बेटे श्रीकांत शिंदे की तस्वीर भी सोशल मीडिया पर जारी की थी जिसमें उनको भी एक अपराधी के साथ दिखाया था।

संजय राऊत ने जो तस्वीर साझा की है उसमें शिंदे गुट के विधायक संतोष बांगर और राज्य उत्पादन शुल्क मंत्री शंभूराज देसाई भी दिखाई दे रहे हैं। राऊत ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर लिखते हुए कहा कि, "महाराष्ट्र गुंडाराज, अपराधियों और डकैतों द्वारा चलने वाला राज्य। यह आदमी कौन है? पुणे पुलिस आयुक्त और मोदी-शाह के सत्ताधारी को इसके बारे में जानकारी देनी चाहिए। दरअसल निलेश को पुणे पुलिस ने 2 साल पहले एक मामले में गिरफ्तार किया था। राऊत ने कहा कि मैं हर दिन राज्य सरकार की गुंडागर्दी के बारे में जानकारी देता रहूंगा। मैंने सोशल मीडिया पोस्ट में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह को भी टैग किया है और उन्हें इस गुंडागर्दी के बारे में बताया है। प्रदेश के मुख्यमंत्री बदमाशों के गुट से मिले हुए हैं और बदमाशों की यह टोली मुख्यमंत्री के वर्षा बंगले पर सीधी मुलाकात कर रही है।

शिंदे गुट के नेता और राज्य सरकार में मंत्री दादा भुसे ने मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे का बचाव करते हुए कहा है कि मुख्यमंत्री से हर रोज हजारों लोग मिलते हैं। ऐसे में कौन किसके साथ फोटो निकालता है, इसको रोकना काफी मुश्किल काम है। भुसे ने कहा कि मैं संजय राऊत की मानसिकता से वाकिफ हूं। इसलिए उन्हें राज्य के लोकप्रिय मुख्यमंत्री पर सवाल उठाने से पहले सौ बार सोचना चाहिए। विधानसभा में विपक्ष के नेता विजय वडेट्टीवार ने मुख्यमंत्री शिंदे के साथ बदमाश की फोटो वायरल होने पर कहा कि बदमाशों में राज्य की पुलिस को लेकर कोई खौफ नहीं है। यही कारण है कि अब बदमाश मंत्रालय में वीडियो रील बना रहे हैं।

Created On :   6 Feb 2024 3:00 PM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story