रेकी कर पेट्रोल पंप संचालक से लूट, 2 लाख लेकर फरार हुए आरोपी

रेकी कर पेट्रोल पंप संचालक से लूट, 2 लाख लेकर फरार हुए आरोपी

Bhaskar Hindi
Update: 2017-09-07 02:41 GMT
रेकी कर पेट्रोल पंप संचालक से लूट, 2 लाख लेकर फरार हुए आरोपी


डिजिटल डेस्क,जबलपुर। एक बार फिर शहर में पेट्रोल पंप संचालक से लूट की वारदात सामने आई है। बदमाश संचालक को चाकू मारकर 2 लाख रुपए लूटकर फरार हो गए। गंभीर रूप से घायल संचालक को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं फरार आरोपियों की तलाश की जा रही है।

गौरतलब है कि बुधवार शाम श्रीकृष्णा मोटर्स पेट्रोल पंप कटंगी बायपास के संचालक अनिल सुरेका विजय नगर स्थित अपने घर आ रहे थे। उनकी एक्टिवा की डिक्की में पॉलीथिन में 2 लाख रुपए रखे हुए थे। जैसे ही वह विजय नगर स्थित सीबीआई और माध्यमिक शिक्षा मंडल कार्यालय के बीच में पहुंचे दो युवकों ने बिना नंबर की एक्टिवा उनके सामने लाकर खड़ी कर दी। एक युवक ने मुंह पर नकाब लगाया था। गाड़ी रोकते ही एक युवक ने एक्टिवा की चाबी निकाल ली। उन्होंने विरोध करने की कोशिश की तो एक युवक ने उन्हें कट्टा अड़ा दिया। इसके बाद युवक ने एक्टिवा की डिक्की खोलने की कोशिश की। अनिल सुरेका ने फिर से विरोध किया। विरोध करने पर दूसरे युवक ने उनके पेट में चाकू मार दिया। इसके बाद उन्होंने एक्टिवा की डिक्की से नोटों से भरी काले रंग की पॉलीथिन निकाल ली। पॉलीथिन निकालने के बाद युवकों ने उनके जेब से पर्स और मोबाइल भी निकाल लिया। इसके बाद दोनों युवक भाग निकले। घटना के बाद अनिल ने अपने घर में सूचना दी। उन्हें गंभीर हालत में निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। 

बदमाश बनाए रखे थे नजर
पुलिस की जांच में पता चला है कि लुटेरे अनिल सुरेका का कटंगी बायपास स्थित पेट्रोल पंप से ही पीछा कर रहे थे। आरोपियों ने पहले से ही रेकी कर ली थी कि पेट्रोल पंप संचालक शाम को एक्टिवा की डिक्की में रकम लेकर विजय नगर स्थित अपने घर जाते हैं। पुलिस ने सीबीआई और माध्यमिक शिक्षा मंडल कार्यालय के आसपास बने घरों से सीसीटीवी फुटेज एकत्रित किए हैं। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी गई है। पुलिस का अनुमान है कि लुटेरे कटंगी बायपास क्षेत्र के रहने वाले हैं।गोहलपुर सीएसपी डॉ. इंद्रजीत बाकलवर का कहना है कि  लुटेरों ने बिना नंबर के वाहन से लूट की वारदात को अंजाम दिया है।
 आरोपियों की पहचान के लिए सीसीटीवी फुटेज भी तलाशे जा रहे हैं।

Similar News