3 सदस्यीय परिवार को बना दिया 8 सदस्यीय, हेराफेरी की शिकायत के बावजूद अब तक कार्रवाई नहीं

3 सदस्यीय परिवार को बना दिया 8 सदस्यीय, हेराफेरी की शिकायत के बावजूद अब तक कार्रवाई नहीं

Tejinder Singh
Update: 2020-04-28 12:05 GMT
3 सदस्यीय परिवार को बना दिया 8 सदस्यीय, हेराफेरी की शिकायत के बावजूद अब तक कार्रवाई नहीं

डिजिटल डेस्क, नागपुर। सरकारी अनाज की हेराफेरी करने में दुकानदार किस हद तक जा सकते हैं, इसका नमूना एक विधवा महिला के नाम पर पिछले 5 साल से उठाए जा रहे सरकारी राशन को देखकर लगाया जा सकता है। शाहू परिवार में अभी 3 सदस्य है और तीनों ही नाम कार्ड पर हैं, लेकिन सरकारी रिकार्ड में 8 सदस्यों का परिवार दिखाकर सरकार से हर महीने 40 किलो अनाज लिया जा रहा है। दुकानदार संबंधित को 15 किलो अनाज देकर 25 किलो अनाज खुद ही खा जाता है। संबंधित परिवार ने सबूतों के साथ इसकी शिकायत खाद्यान्न विभाग से की, लेकिन अधिकारी मामले को लेकर गंभीर दिखाई नहीं दे रहे।
 

रमाईनगर नारी रोड निवासी रेखाबाई शाहू के पति परशुराम शाहू का देहांत 17 दिसंबर 2015 को हुआ। इनके परिवार में रेखाबाई के अलावा दो पुत्र है। राशन कार्ड पर भी इन तीन लोगों के ही नाम है। कपिलनगर स्थित माता अनुसया स्वस्त राशन दुकान से इन्हें हर महीने 15 किलो अनाज मिलता है। दुकानदार इन्हें इसकी रसीद नहीं देता। रसीद मांगने पर फटकार लगाई जाती है। कार्ड कैंसल करने की धमकी दी जाती है। रेखाबाई ने सरकारी लिंक पर देखा तो उनके परिवार के 8 सदस्य बताए गए है। हर महीने 25 किलो अनाज की हेराफेरी हो रही है, जाे सरकार के साथ धोखाधड़ी है। रेखाबाई ने इसकी शिकायत खाद्यान्न वितरण अधिकारी अनिल सवई से की। सहायक वितरण अधिकारी रोहिणी पाठराबे को मामले की जांच सौंपी गई। विभाग ने छानबीन की तो आरोप सही पाए गए। पिछले 5 साल से इस कार्ड पर 40 किलो अनाज जारी हो रहा है। सरकारी रिकार्ड में इस कार्ड पर 8 सदस्य बताए गए है।

पहली बार देखी ऐसी हेराफेरी

3 सदस्यीय परिवार सरकारी रिकार्ड में 8 सदस्यीय होने की बात पहली नजर में अतिशयोक्ति लगी, लेकिन शिकायतकर्ता के कहने पर जब आनलाइन रिकार्ड खंगाला गया तो इस कार्ड पर 8 सदस्य दिखाए गए है। हर महीने 40 किलो अनाज जारी हो रहा है। पहली बार इसतरह की हेराफेरी देखने में आई। जोन अधिकारी को कार्रवाई करने को कहा गया है। यह सरकार के साथ धोखाधडी है। रिपोर्ट प्राप्त होते ही सख्त कार्रवाई के लिए वरिष्ठों के पास भेजी जाएगी।
-रोहीणी पाठराबे, सहायक वितरण अधिकारी नागपुर.

दोषी को बख्शेंगे नहीं

अनिल सवई, खाद्यान्न वितरण अधिकारी के मुताबिक यह मामला ध्यान में लाने पर जांच के आदेश दिए। 40 किलो अनाज लेकर 15 किलो देना गलत है। अतिरिक्त 5 नाम जिसने जोड़े उस पर कड़ी कार्रवाई होगी। पीड़ित मेरे पास आए थे, उनके साथ इंसाफ होगा।


कलेक्टर से शिकायत

खाद्यान्न विभाग से फौरन कार्रवाई नहीं होने से नाराज पीड़ित रेखाबाई शाहू ने जिलाधीश रवींद्र ठाकरे को लिखित शिकायत कर संबंधित दुकानदार पर कड़ी कार्रवाई करने की मांग की। पीड़ित ने कलेक्टर से गुहार लगाई कि गरीबों का अनाज खानेवाले दुकानदार पर सख्त कार्रवाई करनी चाहिए। खाद्यान्न विभाग की सुस्ती पर भी सवाल उठाए गए है। 

Tags:    

Similar News