एसटी बसों की आमदनी  पर चली GST की कैंची

एसटी बसों की आमदनी  पर चली GST की कैंची

Tejinder Singh
Update: 2017-12-17 10:35 GMT
एसटी बसों की आमदनी  पर चली GST की कैंची

डिजिटल डेस्क, नागपुर। नागपुर-अमरावती और नागपुर-यवतमाल के लिए नागपुर से रोज एसटी बसों की 44 फेरियां चलती हैं। रोजाना इस मार्ग से हजारों यात्री सफर करते हैं। नागपुर विभाग अंतर्गत सर्वाधिक आमदनी इसी सेक्शन से प्राप्त होती है। अब तक इस सेक्शन पर लाल बस बैगर कोई जीएसटी दिए चल रही थी, लेकिन हाल ही में शिवशाही बसें आने के बाद सभी लाल बसों को बदला गया है। जिसका सीधा असर यात्री सुविधाओं से लेकर प्रशासन की अर्निंग पर हो रहा है।

शिवशाही की अर्निंग पर लग रही 5 प्रतिशत जीएसटी

नई 21 शिवशाही बसों को इनकी जगह चलाया जा रहा है। नियमानुसार शिवशाही की अर्निंग पर 5 प्रतिशत जीएसटी भी देना पड़ रहा है। ऐसे में कुल 21 बसों पर केवल नवंबर की बात करें तो 55 लाख 48 हजार 793 रुपए अर्निंग पर 2 लाख 77 हजार रुपए जीएसटी देने की बाद सामने आई है। ऐसे में इसी मार्ग पर सभी बसों को बदलना हर किसी के समझ से परे हैं। कुछ शि‌वशाही चलाकर लाल बसों को यहां रखा जा सकता था। इससे यात्रियों को शिवशाही की सुविधा भी उपलब्ध होती। साथ ही बहुत ज्यादा जीएसटी की कैंची से भी प्रशासन बच सकता था। 

वर्तमान में चलाई जा रही कुल 579 बसें

वर्तमान में यात्रियों के लिए एसटी बस आवागमन का मुख्य साधन है। नागपुर से बड़े शहरों के साथ छोटे-छोटे देहातों तक यात्री बस से बिना किसी आरक्षण के पहुंच जाते हैं। नागपुर विभाग की बात करें तो कुल 579 बसें वर्तमान में चलाई जाती हैं, लेकिन इन बसों में अब तक कोई भी एसी बसें नहीं थीं। ऐसे में अब प्रशासन की ओर से नई शिवशाही बसों को मंगाया गया है। मुंबई से हाल ही में नागपुर को 23 बसें दी है, जिसमें पुणे के लिए 2 व 21 बसें नागपुर-अमरावती व नागपुर यवतमाल के बीच चलाया जा रहा है। यह पूरी तरह से एसी बसें हैं, जिसे यात्रियों का अच्छा प्रतिसाद मिल रहा है। लेकिन यहां पूरी तरह से लाल बसों को बंद कर शिवशाही बसों को ही प्राथमिकता देना हर किसी के समझ से परे हैं। इस तरह व्यवस्था रहने से एक ओर प्रशासन को जीएसटी बहुत ज्यादा पैमाने पर देना पड़ रहा है, वहीं यात्रियों को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। 

बढ़ा दिया किराया 

इस मार्ग पर पहले चल रही लाल बसों का किराया वर्तमान किराए से कम था। ऐसे में यात्रियों की जेब ढीली होते दिख रही है। नागपुर अमरावती सामान्य बसें यात्रियों को 164 रुपए में सफर कराती थी, वहीं शिवशाही में 245 रुपए देना पड़ रहा है। यवतमाल के लिए सामान्य बसों का किराया 159 रुपए था, वहीं शिवशाही में 234 रुपए देना पड़ रहा है। 

देना है 5 प्रतिशत जीएसटी

एसटी परिवहन महामंडल के विभाग नियंत्रक एस.पंचभाई के मुताबिक विभाग के पास कुल 23 शिवशाही बसें हैं, जिसके अर्निंग पर 5 प्रतिशत जीएसटी देना है। 2 बसों को पुणे के लिए और बाकी बसों को नागपुर-यवतमाल और नागपुर-अमरावती के लिए चलाया जा रहा है। इस मार्ग पर एक्सक्लुसिव सेवा देने के लिए इन सभी बसों को इस मार्ग पर चलाया जा रहा है। 
           

Similar News