मुंबई में अवैध निर्माण से जुड़ी 94 हजार शिकायतें, कार्रवाई सिर्फ 5461 के खिलाफ

मुंबई में अवैध निर्माण से जुड़ी 94 हजार शिकायतें, कार्रवाई सिर्फ 5461 के खिलाफ

Tejinder Singh
Update: 2019-07-17 12:50 GMT
मुंबई में अवैध निर्माण से जुड़ी 94 हजार शिकायतें, कार्रवाई सिर्फ 5461 के खिलाफ

डिजिटल डेस्क, मुंबई। डोंगरी इलाके में कैसर बाग इमारत गिरने के बाद एक बार फिर महानगर में फैले अवैध निर्माणों के जाल और महानगर पालिका की लापरवाही की चर्चा शुरू हो गई है। आरटीआई से जानकारी मिली है कि महानगर पालिका को लोगों ने अवैध निर्माण से जुड़ी 94 हजार से ज्यादा शिकायतें कीं हैं लेकिन कार्रवाई इनमें से सिर्फ 5461 के खिलाफ हुईं हैं। हैरानी की बात है कि एक ओर मुंबई को शांघाई बनाने के सपने दिखाए जा रहे हैं दूसरी ओर प्रशासन अवैध निर्माणों पर भी काबू नहीं कर पा रहा है।

कमला मिल कंपाउंड, भानु फरसाण मार्ट, होटल सिटी किनारा, भिवंडी की हुसैनी बाजार इमारत, घाटकोपर की साईं सिद्धि इमारत और अब कैसर बाग इमारत इन सभी जगहों पर हुए हादसों में अवैध निर्माण की बात सामने आई है। कुछ साल पहले मनपा ने अवैध निर्माण की ऑनलाइन शिकायत के लिए आरईटीएमएस प्रणाली शुरू की थी। आरटीआई कार्यकर्ता शकील अहमद शेख को उपलब्ध कराई गई जानकारी के मुताबिक 1 मार्च 2016 से 8 जुलाई 2019 इस प्रणाली के जरिए महानगर पालिका को अवैध निर्माण की कुल 94 हजार 851 शिकायतें मिलीं लेकिन इनमें से सिर्फ 5461 अवैध निर्माणों के खिलाफ कार्रवाई की गई।

सबसे ज्यादा अवैध निर्माण की शिकायतें कुर्ला और आसपास के इलाकों वाले एल वार्ड से मिलीं हैं। शेख के मुताबिक बीएमसी अवैध निर्माणों के खिलाफ कार्रवाई के नाम पर हर साल 20 करोड़ रुपए खर्च करती है। हर साल अवैध निर्माणों के खिलाफ 15000 से ज्यादा नोटिस दिए जाते हैं लेकिन कार्रवाई सिर्फ 10 से 20 फीसदी मामलों में होती है। कई बार कार्रवाई सिर्फ दिखावे के लिए होती है। 


 

Tags:    

Similar News