हिरण को गोली मार शिकारी हो गए फरार

हिरण को गोली मार शिकारी हो गए फरार

Anita Peddulwar
Update: 2018-06-20 06:58 GMT
हिरण को गोली मार शिकारी हो गए फरार

डिजिटल डेस्क,रामटेक (नागपुर)। रामटेक-मानापुर-नगरधन मार्ग पर नगरधन-मानापुर के बीच एक खेत के पास एक हिरण मृत अवस्था में दिखाई दिया। प्राथमिक जानकारी के अनुसार उसे बंदूक से गोली मारी गई है। अज्ञात आरोपियों के खिलाफ वन विभाग रामटेक में मामला दर्ज किया गया है। यह घटना संभवत: सोमवार की है। सहायक वनसंरक्षक विशाल बुराडे को दूसरे दिन इसकी जानकारी मिली। उन्होंने वन परिक्षेत्राधिकारी रामटेक खोब्रागड़े को सूचना दी। इसके बाद वन विभाग का दल घटनास्थल पर पहुंचा। प्रदीप रंगारी के खेत में हिरण मृत अवस्था में मिला। पोस्टमार्टम के बाद उसे जला दिया गया।

दाएं पैर के पास गोली के निशान
जानकारी के अनुसार प्रदीप रंगारी (कामठी) के खेत में उक्त घटना घटी। रंगारी का खेत बिरणवार, नगरधन निवासी जोत रहे हैं। मृत हिरण मुख्य मार्ग से 100 मीटर की दूरी पर खेत शिवार में पाया गया। उसके सामने के दाएं पैर के पास गोली के निशान पाए गए हैं। वन अधिकारियों ने रामटेक पुलिस से संपर्क कर उन तीनों लोगों को जांच के लिए बुलाया है। प्रथम सूचना के बाद वन अपराध 62/3 के तहत अपराध दर्ज किया गया है।

पुलिस की भूमिका संदिग्ध
जानकारी के अनुसार, सोमवार को दिन भर कुछ लोग परिसर में संदिग्ध अवस्था में घूमते नजर आए थे। चर्चा है कि शाम होने पर भी वे सर्चलाइट में कुछ ढूंढते नजर आए। स्थानीय लोगों ने किडनी चोर समझकर उनकी पिटाई कर दी। इसके पश्चात रात में ही रामटेक पुलिस स्टेशन लाकर पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने उनका केवल नाम, पता, मोबाइल नंबर लेकर विस्तृत पूछताछ किए बगैर छोड़ दिया।

पकड़े गए व्यक्तियों में रियाज अहमद वल्द मोहम्मद मियां (35), रिजावन अहमद अब्दुल वहाब अंसारी (38), लश्करीबाग नागपुर, मोहम्मद आसिफ अंसारी (36), मोमिनपुरा नागपुर निवासी शामिल हैं। वे कार (क्रमांक MH-31-CX-7000) से आए थे।

बंदूक से किया है शिकार
नागपुर से मुझे फोन आया था कि नगरधन में खेत शिवार में एक हिरण मृत अवस्था में पड़ा है। मैं टीम के साथ पहुंचा तो हिरण मृत अवस्था में पाया गया। बंदूक से उसे गोली मारी गई है। जांच जारी है। 
(एसबी खोब्रागड़े, RFO, रामटेक वनपरिक्षेत्र) 

 


 

Similar News