पीएम मोदी पर रासायनिक हमले की झूठी जानकारी देने वाला गिरफ्तार

पीएम मोदी पर रासायनिक हमले की झूठी जानकारी देने वाला गिरफ्तार

Tejinder Singh
Update: 2018-07-30 15:01 GMT
पीएम मोदी पर रासायनिक हमले की झूठी जानकारी देने वाला गिरफ्तार

डिजिटल डेस्क, मुंबई। राष्ट्रीय सुरक्षा गार्ड (एनएसजी) के दिल्ली स्थित नियंत्रण कक्ष में फोन कर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर रासायनिक हमले की झूठी चेतावनी देने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी का नाम काशीनाथ मंडल (22) है। मंडल सुरक्षा रक्षक के तौर पर काम करता है। NSG ने चेतावनी देने के लिए इस्तेमाल फोन नंबर के बारे में छानबीन की तो पता चला कि फोन मुंबई से किया गया था। इसके बाद मुंबई पुलिस को मामले की जानकारी दी गई। NSG से मिली जानकारी के आधार पर मुंबई की डीबी मार्ग पुलिस ने जांच आगे बढ़ाई और मंडल को 27 जुलाई को गिरफ्तार कर लिया गया।

दक्षिण मुंबई स्थित वालकेश्वर इलाके की एक झुग्गी में रहने वाले मंडल को मुंबई सेंट्रल स्टेशन पर उस वक्त गिरफ्तार किया गया था, जब वह सूरत जाने की तैयारी कर रहा था। मंडल मूलरूप से झारखंड राज्य का रहने वाला है। पूछताछ में उसने दावा किया है कि कुछ दिनों पहले झारखंड में एक नक्सलवादी हमले में उसका दोस्त मारा गया था। इस सिलसिले में वह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मिलना चाहता था, इसीलिए उसने इंटरनेट से NSG कंट्रोल रूम का नंबर हासिल किया और रासायनिक हमले की झूठी जानकारी दी।

सोमवार को हिरासत अवधि खत्म होने के बाद मंडल को एक बार फिर अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे फिर हिरासत में भेज दिया गया है। सीनियर इंस्पेक्टर सूर्यकांत बांगर ने बताया कि आरोपी के खिलाफ आईपीसी की धारा 505 (1)(2) और 182 के तहत एफआईआर दर्ज की गई है। फिलहाल पूछताछ के दौरान उसने जो जवाब दिए हैं वह संतोषजनक नहीं है। मामले की छानबीन की जा रही है। 

Similar News