फिर टूटा विदर्भ एक्सप्रेस का स्प्रिंग, पांच घंटे परेशान रहे यात्री

फिर टूटा विदर्भ एक्सप्रेस का स्प्रिंग, पांच घंटे परेशान रहे यात्री

Anita Peddulwar
Update: 2018-09-05 09:52 GMT
फिर टूटा विदर्भ एक्सप्रेस का स्प्रिंग, पांच घंटे परेशान रहे यात्री

डिजिटल डेस्क, नागपुर। मुंबई से गोंदिया जा रही विदर्भ एक्सप्रेस के दो बोगियों का स्प्रिंग बुधवार को फिर टूट गया। जिसके चलते गाड़ी को नागपुर स्टेशन पर ही रोकना पड़ा। दोनों कोच को इंजन से अलग कर मरम्मत कार्य किया गया। जिससे गाड़ी 5 घंटे तक रोकनी पड़ी। जिन्हें समय पर गोंदिया पहुंचना था वे यात्री परेशान होते रहे। कुछ यात्रियों ने नागपुर से गोंदिया के बीच का सफर रद्द कर दूसरे वाहनों का भी सहारा लिया।

याद रहे गत 2 दिन पहले ही गोंदिया से मुंबई जानेवाली ट्रेन का भी एक कोच का स्प्रिंग टूटने से गाड़ी को नागपुर स्टेशन पर ही लगभग दो घंटे के लिए रोकना पड़ा था। इस घटना को ज्यादा समय भी नहीं बिता था कि रेलवे के सामने गाड़ी के दो बोगियों की स्प्रिंग टूटने का मामला सामने आया है। घटना ने मैकेनिकल विभाग पर सवाल खड़े कर दिए हैं। हालांकि रेलवे अधिकारी इसे लेकर जांच करने का आश्वासन दे रहे हैं।

कर्मचारियों के ध्यान में आई खामियां
जानकारी के अनुसार ट्रेन नंबर 12105 मुंबई-गोंदिया विदर्भ एक्सप्रेस रोज की तरह मुंबई से गोंदिया की ओर निकली थी। रात भर सफर पूरा करने के बाद गाड़ी नागपुर रेलवे स्टेशन पर पहुंची। लेकिन गाड़ियों की देखरेख में तैनात कर्मचारियों ने देखा कि गाड़ी के एस-4 व जनरल कोच के चक्कों के सस्पेंशन में लगी बोस्टर स्प्रिंग टूट चुकी है। जिससे गाड़ी काफी आवाज भी कर रही थी। कर्मचारियों ने तुरंत ही संबंधित अधिकारियों को इसकी सूचना दी। जिसके बाद तुरंत गाड़ी को नागपुर स्टेशन पर रोकने के निर्देश मिले। मैकेनिकल विभाग की ओर से गाड़ी के कोच को ट्रेन से काटकर निकाला गया। इन कोच को यार्ड में भेजा गया। दरमियान यात्रियों को प्लेटफार्म नंबर 3 पर उतारा गया था।

यात्री 5 घंटे होते रहे हलाकान
सुबह 9 बजे से शुरू मरम्मत कार्य दोपहर डेढ़ बजे तक चला। ऐसे में परेशान यात्री प्लेटफार्म पर ही इधर से उधर घूम रहे थे। पहले से लंबे सफर से परेशान यात्रियों के लिए पांच घंटे रूकना ऊबाऊ हो रहा था। लेकिन मजबूरन रूकना पड़ा। जो यात्री समयबध्द तरीके से पहुंचने के लिए गाड़ियों में बैठे थे, ऐसे यात्रियों को मजबूरन दूसरी ट्रेन या बस के माध्यम से गोंदिया की ओर रवाना होना पड़ा। इससे पहले 3 सितंबर को मुंबई की ओर से जानेवाली गाड़ी में भी इसी तरह की घटना हुई थी। इसके बाद 5 अगस्त को मुंबई से आने वाली ट्रेन में हुई घटना ने कई सवालों को खड़े कर दिए हैं। बताया गया कि इससे पहले वाली घटना में कोच बनकर एक साल भी पूरा नहीं होने के पहले तकनीकी खराबी आई थी। फिर भी स्प्रिंग का टूटना कई सवालों को जन्म दे रहा है।

Similar News