12 साल से फरार था हत्या आरोपी, मध्य प्रदेश के चंबल से हुआ गिरफ्तार

12 साल से फरार था हत्या आरोपी, मध्य प्रदेश के चंबल से हुआ गिरफ्तार

Tejinder Singh
Update: 2019-04-17 16:17 GMT
12 साल से फरार था हत्या आरोपी, मध्य प्रदेश के चंबल से हुआ गिरफ्तार

डिजिटल डेस्क, मुंबई। हत्या के मामले में 12 साल के फरार एक आरोपी को ठाणे पुलिस की अपराध शाखा ने मध्यप्रदेश के चंबल क्षेत्र इलाके के भिंड से गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी का नाम राजकुमार राजावत (62) है। राजावत ने अपने तीन साथियों के साथ मिलकर नौकरी का झांसा देकर पैसे ऐंठने वाले एक शख्स की डोंबिवली में हत्या कर दी थी। 21 मार्च 2007 में हुई हत्या के मामले में यह पहली गिरफ्तारी है।

डोंबिवली के विष्णुनगर पुलिस स्टेशन में शैलेंद्रसिंह शेखावत (27) की हत्या का मामला दर्ज किया गया था। छानबीन में खुलासा हुआ था कि मूलरूप से राजस्थान के जयपुर स्थित जयवंत नगर के रहने वाले शेखावत ने विदेश में नौकरी दिलाने के नाम पर कई लोगों से पैसे लिए थे। लेकिन न पैसे वापस मिले और न ही नौकरी मिली तो नाराज राजकुमार ने अपने साथियों नरेंद्रसिंह राजावत, पिंटूसिंह राजावत, ऋषि डेग के साथ मिलकर शेखावत की गला घोंटकर हत्या कर दी थी।

इसके बाद आरोपियों ने शेखावत के पास मौजूद पैसे लूट लिए और उसका शव शॉल में लपेटकर नाले में फेंक दिया। हत्या के बाद सभी आरोपी फरार हो गए थे। काफी कोशिशों के बाद भी पुलिस आरोपियों की तलाश नहीं कर सकी। कोर्ट में आरोपपत्र दायर कर दिया गया जिसके बाद अदालत ने पुलिस को आरोपियों की तलाश के निर्देश दिए। इस बीच ठाणे अपराध शाखा यूनिट 1 के सीनियर इंस्पेक्टर नितिन ठाकरे को जानकारी मिली कि हत्याकांड का मुख्य अभियुक्त राजकुमार अपने भिंड जिले की रौन तहसील में स्थित गांव महेन्दवा में रह रहा है।

ठाणे पुलिस की एक टीम चंबल पहुंची और स्थानीय पुलिस की मदद से आरोपी को गिरफ्तार करने में सफल रही। इंस्पेक्टर रणवीर बयस ने बताया कि मामले में फरार दूसरे आरोपियों को भी तलाश की जा रही है।  

Tags:    

Similar News