किसानों को राहत: बिजली बिल बकाया होने पर नहीं काटे जाएंगे कृषि पंप कनेक्शन

किसानों को राहत: बिजली बिल बकाया होने पर नहीं काटे जाएंगे कृषि पंप कनेक्शन

Tejinder Singh
Update: 2018-03-22 14:46 GMT
किसानों को राहत: बिजली बिल बकाया होने पर नहीं काटे जाएंगे कृषि पंप कनेक्शन

डिजिटल डेस्क, मुंबई। कपास में लगे सफेद इल्ली और धान की फसल को कीड़े लगने से प्रभावित किसानों को राष्ट्रीय आपदा राहत कोष (NDRF) के जरिए नुकसान भरपाई दिलाने की कोशिश की जा रही है। इसके लिए केंद्र सरकार के पास तीन हजार 373 करोड़ रुपए मदद का प्रस्ताव भेजा जाएगा। राहत व पुनर्वास मंत्री चंद्रकांत पाटील ने विधानसभा में यह जानकारी। उन्होंने बताया कि जिन किसानों की 33 फीसदी से ज्यादा फसलों को नुकसान हुआ है उन्हें मदद देने का फैसला किया गया है। पाटील ने बताया कि 2017 खरीफ फसल के दौरान कपास और धान की फसल में लगे रोग से प्रभावित किसानों को 33 फीसदी से ज्यादा नुकसान पर प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत NDRF की दर से मदद देने का फैसला किया गया था। इसके तहत 23 फरवरी 2018 को जारी शासनादेश के मुताबिक फैसला किया गया था लेकिन इसे अब रद्द कर दिया गया है। अब क्षेत्रीय अधिकारियों द्वारा किए गए पंचनामे के मुतबिक 33 फीसदी से ज्यादा नुकसान होने पर पीड़ित किसानों को NDRF की दर से मदद देने का फैसला किया गया है। इसके लिए 17 मार्च 2018 को शासनादेश जारी किया गया है। 

बिजली बिल बकाया रहने पर भी नहीं काटे जाएंगे कृषि पंप कनेक्शन  
किसानों को बड़ी राहत देते हुए राज्य सरकार ने फैसला लिया है कि बिजली बिल बकाया होने के बावजूद कृषि पंपों की बिजली नहीं काटी जाएगी। साथ हीबकाया वसूली पर भी फिलहाल रोक लगा दी गई है। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने विधानसभा में यह जानकारी दी। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य के किसानों पर फिलहाल 17 हजार करोड़ रुपए का बिल बकाया है। लेकिन किसानों की परेशानियों को देखते हुए फिलहाल वसूली पर रोक लगा दी गई है। बता दें कि महावितरण ने राज्य में बकाया बिल वाले कृषि पंपों की बिजली आपूर्ति बंद करनी शुरू कर दी थी। इस मुद्दे पर कांग्रेस और राकांपा विधायकों ने आक्रामक रुख अपनाया था। विपक्ष ने किसानों का बकाया बिजली बिल माफ करने और कनेक्शन काटने की प्रक्रिया रोकने की मांग की थी। विपक्ष का आरोप था कि किसान सूखा, बेमौसम बरसात, ओलावृष्टि से परेशान हैं, ऐसे में सरकार भी बिजली काटकर उनके लिए परेशानी बढ़ा रही है। इससे किसानों की हालत और खराब होगी। इसके बाद मुख्यमंत्री ने बकाया वसूली और बिजली कनेक्शन काटने पर रोक का ऐलान किया। 
 

Similar News