अहीर और सुषमा ने खाली किए सरकारी आवास, धोत्रे का ठिकाना भी बदला

अहीर और सुषमा ने खाली किए सरकारी आवास, धोत्रे का ठिकाना भी बदला

Tejinder Singh
Update: 2019-06-30 10:31 GMT
अहीर और सुषमा ने खाली किए सरकारी आवास, धोत्रे का ठिकाना भी बदला

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। ऐसे में जब पूर्व केन्द्रीय मंत्री और पूर्व सांसद दिल्ली स्थित सरकारी मकान का मोह नहीं छोड़ते और इसे खाली कराने के लिए सरकारी एजेंसियों को काफी मशक्कत करनी पड़ती है तब मोदी सरकार के कुछ पूर्व मंत्रियों ने उदाहरण पेश किया है। लूटियन जोन के सफदरजंग लेन में रहने वाले दो पूर्व मंत्रियों हंसराज अहीर और सुषमा स्वराज ने सरकार से मिली समयसीमा के अंदर अपने-अपने आवास खाली कर दिए हैं। सुषमा स्वराज 8, सफदरजंग लेन में वर्षों से रह रहीं थीं। उन्होने अपना आवास खाली करने की जानकारी ट्वीट के माध्यम से दी है। 

2, सफदरजंग लेन में अब रहेंगे रावसाहेब दानवे 

हंसराज अहीर लगभग डेढ़ साल पहले बतौर गृह राज्य मंत्री 2, सफदरजंग लेन स्थित बंगले में शिफ्ट हुए थे। हाल ही में संपन्न लोकसभा चुनाव में श्री अहीर चंद्रपुर सीट से हार गए हैं। ऐसे में उन्होने भी सरकार द्वारा आवास खाली करने के लिए दी गई समयसीमा 30 जून तक कोठी खाली कर दी है। 2, सफदरजंग लेन अब खाद्य व उपभोक्ता मामले के राज्य मंत्री रावसाहेब दानवे को आवंटित हुआ है।  

के कामराज मार्ग होगा धोत्रे का नया ठिकाना 

केन्द्रीय शहरी विकास मंत्रालय ने नवनियुक्त मानव संसाधन विकास राज्य मंत्री संजय धोत्रे को आवास के लिए 1, कामराज मार्ग आवंटित किया है। धोत्रे फिलहाल एबी-95, शाहजहां रोड में रह रहे हैं। 1, कामराज मार्ग में अभी पूर्व केन्द्रीय वित्त राज्य मंत्री शिवप्रताप शुक्ला रह रहे हैं। पिछली सरकार मंे राज्य मंत्री रहे शुक्ला को कहा गया है कि वह 30, जून तक यह सरकारी आवास खाल कर दें। 
 

Tags:    

Similar News