ओखी तूफान : महाराष्ट्र में भी हाई अलर्ट, 5 जिलों के स्कूल-कॉलेज रहेंगे बंद

ओखी तूफान : महाराष्ट्र में भी हाई अलर्ट, 5 जिलों के स्कूल-कॉलेज रहेंगे बंद

Tejinder Singh
Update: 2017-12-04 15:09 GMT
ओखी तूफान : महाराष्ट्र में भी हाई अलर्ट, 5 जिलों के स्कूल-कॉलेज रहेंगे बंद

डिजिटल डेस्क, मुंबई। दक्षिण भारत में भारी तबाही के बाद चक्रवाती तूफान ओखी ने मुंबई में दस्तक दे दी है। इसका जोर कम होने के बावजूद सोमवार शाम महानगर के कई इलाकों में तेज हवाओं के साथ बारिश हुई। मुंबई और कोंकण समेत सभी तटीय इलाकों में मछुआरों और आमलोगों को एहतियात बरतने की सलाह दी गई है। ओखी का असर बुधवार तक रह सकता है। मुंबई के अलावा सिंधुदुर्ग, ठाणे, रायगढ़ और पालघर में भी चक्रवात का असर दिखा इसके चलते शिक्षा मंत्री विनोद तावडे ने ट्वीट कर इन जिलों के स्कूलों, कॉलेजों में मंगलवार को एहतियातन छुट्टी का ऐलान कर दिया।

तटीय पांच जिलों के स्कूल-कालेज रहेंगे बंद, नागरिकों से सावधानी बरतने की अपील

मुंबई महानगर पालिका के आपातकालीन व्यवस्थापन कक्ष ने चक्रवात के मद्देनजर नागरिकों से सावधानी बरतने की अपील की है। खासकर चार दिसंबर से सात दिसंबर तक समुद्र में ऊंची-ऊंची लहरें उठेंगी। छह दिसंबर को डॉ बाबा साहेब आंबेडकर के महापरिनिर्वाण दिवस के मौके पर चैत्यभूमि आने वाले लोगों को समुद्र के किनारे जाने से रोकने के लिए खास इंतजाम किए जा रहे हैं क्योंकि दादर चौपाटी यहां से बेहद नजदीक है। ओखी के मद्देनजर नौसेना, कोस्ट गार्ड, लाइफ गार्ड और दमकल विभाग के लिए अलर्ट जारी कर किसी भी स्थिति से निपटने के लिए तैयार रहने को कहा गया है।

तुफान ओखी को लेकर महाराष्ट्र सतर्क, समुद्र की ओर जाने वाले छह रास्ते बंद

सहायक मनपा आयुक्त रमाकांत बिरडकर ने बताया कि ओकी चक्रवात के चलते 70 स्कूलों (30 मुंबई महानगर पालिका और 40 निजी) को सुरक्षित ठिकाने के रुप में इस्तेमाल करने के लिए तैयार रखा गया है। समुद्र की ओर जाने वाले छह रास्तों को बंद कर दिया गया है। चैत्यभूमि जाने वालों के लिए वैकल्पिक मार्ग बनाए गए हैं। इसके अलावा चैत्यभूमि आने वाले हजारों लोगों के लिए 350 मोबाइल शौचालय, 350 बाथरूम और स्वास्थ्य सुविधा का इंतजाम किया गया है। 

 

Similar News