अब NMC में आसानी से ट्रैक हो सकेंगे अधिकारी , हाथों में बांधी GPS घड़ी

अब NMC में आसानी से ट्रैक हो सकेंगे अधिकारी , हाथों में बांधी GPS घड़ी

Anita Peddulwar
Update: 2018-06-16 12:05 GMT
अब NMC में आसानी से ट्रैक हो सकेंगे अधिकारी , हाथों में बांधी GPS घड़ी

डिजिटल डेस्क, नागपुर।  मनपा के सभी विभाग प्रमुखों को शुक्रवार को GPS घड़ी दी गई। शनिवार से अधिकारियों के हाथ में यह घड़ी दिखाई देगी। खुद आयुक्त वीरेंद्र सिंह ने विभाग प्रमुखों को यह घड़ी पहना कर प्रकल्प का शुभारंभ किया है। घड़ी पहने के बाद अनेक अधिकारी खुश नहीं दिखे। इस घड़ी के कारण सुबह 10 से शाम 6 बजे तक विभाग प्रमुखों को आसानी से ट्रैक किया जा सकेगा। घड़ी की कई विशेषताएं हैं। इंपिरियल कंपनी की इस घड़ी में मनपा का लोगो है। प्रदान की गयी इस घड़ी की कीमत पांच हजार रुपए है। हालांकि मनपा को इस घड़ी में सिम के 200 रुपए प्रति माह अनुसार कंपनी को शुल्क अदा करना होगा। सहायक आयुक्त व विभाग प्रमुखों को यह घड़ी बांंधना अनिवार्य किया गया है। 

कुर्सी पर नहीं मिलते थे अधिकारी, अब दिखेंगे
एक आम धारणा है कि मनपा के अधिकारी काम नहीं करते, अपनी कुर्सी पर नहीं मिलते हैं। काम में गति लाने और अन्य कारणों को ध्यान में रखकर सख्त समझे जाने वाले आयुक्त वीरेंद्र सिंह ने अपने अधिकारियों पर ही इस GPS घड़ी का प्रयोग किया। कुछ महीने पहले स्वास्थ्य विभाग ने इस घड़ी का प्रयोग किया था, जो सफल रहा था। इसके बाद घड़ी का प्रयोग मनपा में करने की मांग उठी थी। मनपा सभा में कुछ नगरसेवकों ने अधिकारियों को GPS ट्रैकिंग घड़ी देने की मांग की थी। अब यह घड़ी देने से मनपा अधिकारी भी समय से आएंगे, ऐसी अपेक्षा की जा रही है। आयुक्त, अतिरिक्त आयुक्त, उपायुक्त, अतिरिक्त उपायुक्त, जोन सहायक आयुक्त व सभी विभाग प्रमुखों को यह घड़ी दी गई है। 

बाघों को बांधने वाले कॉलर आईडी की संज्ञा दी 
घड़ी लेकर बाहर जाने वाले अधिकारियों के चेहरे निराश दिखे। कुछ अधिकारियों ने इसे अविश्वास बताया। कुछ ने कहा कि अगर ईमानदारी से काम कर रहे हैं, तो फिर घबराना क्यों। कुछ ने इसे बाघों को बांधने वाले कॉलर आईडी की भी संज्ञा दी। 

घड़ी से हो सकेगी बातचीत
जानकारी के अनुसार, जोन के स्वास्थ्य अधिकारियों को भी यह घड़ी दी जाएगी। इस घड़ी के कारण अधिकारी कहां हैं, इसका पता लगाना आसान होगा। जरूरत होने पर उनसे बात भी की जा सकती है। घड़ी में एक नंबर है, जिस पर बात की जा सकती है। मनपा के अनेक अधिकारी साइट पर होने की जानकारी देकर बाहर रहते हैं। दोपहर में कार्यालय से गायब रहते हैं। ऐसी अनेक शिकायतें हैं। अब इस घड़ी से सबसे पहले विभाग प्रमुखों पर नजर रखी जाएगी। आगे अन्य प्रमुख अधिकारियों को भी घड़ी देने का विचार है। 

Similar News