मगरौरा में असामाजिक तत्व ने क्षतिग्रस्त की अंबेडकर की प्रतिमा

मगरौरा में असामाजिक तत्व ने क्षतिग्रस्त की अंबेडकर की प्रतिमा

Bhaskar Hindi
Update: 2019-10-12 07:46 GMT
मगरौरा में असामाजिक तत्व ने क्षतिग्रस्त की अंबेडकर की प्रतिमा

डिजिटल डेस्क सतना। नादान देहात थाना अंतर्गत मगरौरा गांव में अज्ञात असामाजिक तत्व ने संविधान निर्माता डॉक्टर भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा को क्षतिग्रस्त कर दिया, जिससे क्षेत्र में हड़कंप मच गया। पुलिस ने इस घटना की सूचना पर अज्ञात आरोपी के खिलाफ आईपीसी की धारा 153ए व 295 के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। वहीं घटना से आक्रोशित ग्रामीणों को समझाइश देकर जबलपुर से दूसरी प्रतिमा मंगाकर स्थापित करने का भरोसा दिलाया।  पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक अप्रैल 2018 में ग्रामीणों ने डॉक्टर भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा स्थापित की थी, लेकिन गुरुवार-शुक्रवार की दरमियानी रात अज्ञात असामाजिक तत्व ने उक्त प्रतिमा क्षतिग्रस्त कर गायब कर दिया। शुक्रवार सुबह जब किसी की नजर पड़ी तो उसने तुरंत गांव में खबर देने के साथ ही पुलिस को सूचित कर दिया। यह  सूचना मिलते ही सैकड़ों की संख्या में ग्रामीण एकत्र होकर विरोध प्रदर्शन करने लगे। उधर जैसे ही  पुलिस को पता चला तो  थाना प्रभारी भूपेंद्रमणि पांडेय दल-बल के साथ मौके पर आ गए। उन्होंने वरिष्ठ अधिकारियों को भी अवगत कराया, जिस पर मैहर  एसडीएम सुरेश अग्रवाल और एसडीओपी हेमंत शर्मा भी मगरौरा पहुंच गए। ग्रामीणों के आक्रोश को देखते हुए बदेरा, अमदरा और मैहर के थाना प्रभारियों को दल-बल के साथ बुला लिया गया था। प्रशासन और पुलिस अधिकारियों ने मौका मुआयना करने के बाद अज्ञात आरोपी के खिलाफ  थाने में प्रकरण पंजीबद्ध कराया तो ग्रामीणों से चर्चा कर दूसरी प्रतिमा स्थापित करने पर आम सहमति बनाई, जिसके बाद पुलिस की एक टीम को नई प्रतिमा लाने के लिए तुरंत जबलपुर रवाना कर दिया गया। बताया गया है कि उक्त पुलिसकर्मी देर रात या शनिवार सुबह लौटेंगे, तब पूर्ण सम्मान के साथ डॉक्टर अंबेडकर की प्रतिमा को पुन: स्थापित किया जाएगा।
स्थिति सामान्य, पुलिस तैनात
मगरौरा में फिलहाल स्थिति सामान्य बनी हुई है, इसके बावजूद एहतियात के तौर पर देहात थाने का बल प्रतिमा स्थल व गांव में तैनात किया गया है, वहीं प्रशासन और पुलिस के अधिकारी लगातार हालात पर नजर बनाए हुए हैं।
 

Tags:    

Similar News