विधानसभा चुनाव : पहले दिन 14 उम्मीदवारों ने किया नामांकन, नागपुर से एक भी नहीं

विधानसभा चुनाव : पहले दिन 14 उम्मीदवारों ने किया नामांकन, नागपुर से एक भी नहीं

Tejinder Singh
Update: 2019-09-27 15:57 GMT
विधानसभा चुनाव : पहले दिन 14 उम्मीदवारों ने किया नामांकन, नागपुर से एक भी नहीं

डिजिटल डेस्क, मुंबई। महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव के लिए 14 उम्मीदवारों ने नामांकन पत्र दाखिल किया है। शुक्रवार को विधानसभा चुनाव के लिए प्रत्याशियों के नामांकन पत्र दाखिल करने की शुरुआत हुई। राज्य के अतिरिक्त मुख्य चुनाव अधिकारी दिलीप शिंदे ने यह जानकारी दी। इसके अनुसार अकोला की बालापुर सीट, नाशिक की नाशिक पूर्व सीट, गडचिरोली की आरमोरी सीट और अहेरी सीट, नांदेड़ की नांदेड़ उत्तर और नांदेड़ दक्षिण सीट, औरंगाबाद की कन्नड और औरंगाबाद पूर्व, पुणे की इंदापुर सीट और वडगांव शेरी सीट, उस्मानाबाद की परांडा सीट, सोलापुर की अक्कलकोट और पंढरपुर और सांगली की मिरज सीट पर एक-एक उम्मीदवारों ने पर्चा दाखिल किया है। विधानसभा चुनाव में उम्मीदवारों के नामांकन दाखिल करने की आखिरी तारीख 4 अक्टूबर है। नामांकन पत्रों की जांच 5 अक्टूबर को होगी। जबकि 7 अक्टूबर को उम्मीदवार अपना पर्चा वापस ले सकेंगे। 21 अक्टूबर को मतदान होगा। इसके बाद 24 अक्टूबर को चुनाव नतीजें घोषित किए जाएंगे।   

नागपुर जिले में पहले दिन किसी ने नहीं भरा नामांकन

उधर नागपुर जिले की 12 (शहर व ग्रामीण) विधान सभा निर्वाचन क्षेत्रों के लिए आज से शुरू हुई नामांकन प्रक्रिया में पहले दिन किसी भी उम्मीदवार ने नामांकन पत्र जमा नहीं किया। हालांकि पहले दिन जिले की 12 विधान सभा के लिए 179 उम्मीदवारों ने नामांकन पत्र लिए। सबसे ज्यादा 33 नामांकन पत्र उत्तर नागपुर व सबसे कम 3 नामांकन पत्र उमरेड विधान सभा क्षेत्र से लिए गए। विधान सभा चुनाव की आचार संहिता लगने के बाद शुक्रवार को पहले दिन जिला कार्यालय व जिले के उपविभागीय कार्यालयों से उम्मीदवारों ने नामांकन पत्र प्राप्त किए। पहले दिन सबसे ज्यादा 33 नामांकन पत्र उत्तर से है। दूसरे नंबर पर दक्षिण नागपुर है, जहां से 23 नामांकन दिए गए। पहले दिन किसी भी उम्मीदवार ने नामांकन पत्र जमा नहीं किया।

क्षेत्र         फार्म
काटोल    10
सावनेर     09
हिंगणा      13
उमरेड       03
द. पश्चिम  18
दक्षिण      23
पूर्व          10
मध्य        20
पश्चिम     15
उत्तर         33
कामठी      07
रामटेक     18
----------------
कुल        179

अब बचे हैं केवल 4 दिन

शनिवार 28 और रविवार 29 को शासकीय अवकाश है। 30 सितंबर व 1 अक्टूबर को कार्यालय शुरू रहेगा। इसके बाद 2 अक्टूबर को पून: शासकीय अवकाश है। 3 व 4 अक्टूबर को कार्यालय शुरू रहेगा। यानी उम्मीदवारों को नामांकन जमा करने के लिए केवल 4 दिन बचे है। नामांकन जमा करने का समय सुबह 11 से दोपहर 3 बजे तक है। इसी दौरान नामांकन पत्र लेने व जमा किए जाएंगे।

सीएम के खिलाफ लड़ने के संकेत

काटन मार्केट निवासी रजनी चौरसिया ने दक्षिण-पश्चिम निर्वाचन क्षेत्र से फार्म लिया। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस इस क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करते है आैर हमेशा जीतते रहे है। इस क्षेत्र से इस महिला ने चुनाव लड़ने के संकेत दिए है। हालांकि यह महिला चुनाव में खड़ी होती है या नहीं यह समय ही बताएगा। आरक्षित सीट के लिए डिपाजिट राशि 5 हजार व सामान्य सीट के लिए डिपाजिट राशि 10 हजार रुपए है।  

Tags:    

Similar News