भारत के मन की बात विषय पर नागपुर में संवाद साधेंगे बिहार के उपमुख्यमंत्री मोदी

भारत के मन की बात विषय पर नागपुर में संवाद साधेंगे बिहार के उपमुख्यमंत्री मोदी

Anita Peddulwar
Update: 2019-02-07 11:03 GMT
भारत के मन की बात विषय पर नागपुर में संवाद साधेंगे बिहार के उपमुख्यमंत्री मोदी

डिजिटल डेस्क, नागपुर। लोकसभा चुनाव की तैयारी के तहत भाजपा जनसंवाद बढ़ा रही है। शुक्रवार को बिहार के उपमुख्यमंत्री सुशील मोदी संघ मुख्यालय नागपुर में होंगे। भारत के मन की बात, प्रधानमंत्री मोदी के साथ विषय पर वे विद्यार्थियों व युवाओं से संवाद साधेंगे। इस बीच वे पत्रकारों से चर्चा भी करेंगे। नागपुर के बाद 10 फरवरी को सुशील मोदी देहरादून में संवाद साधेंगे। नागपुर में श्रद्धा हाऊस रायसोनी कालेज किग्जवे में संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया है।

बताया जा रहा है कि श्री मोदी आरएसएस के कुछ पदाधिकारियों से भी मुलाकात कर सकते हैं। बताया गया है कि जनसंवाद कार्यक्रम के माध्यम से लोकसभा चुनाव के लिए भाजपा गठबंधन का संकल्प पत्र तैयार करने के लिए आम लोगोंं से उनके सुझाव लिए जा रहे हैं। पूरे देश में संकल्प पत्र तैयार करने की प्रक्रिया लोकतांत्रिक आधार पर की जा रही है। देश भर में 300 रथों के माध्यम से सुझाव लिए जा रहे हैं। 300 पेटियां आम लोगों के बीच रखी गई हैं। एक माह में करीब 10 करोड़ लोगों का सुझाव एकत्र कर उसके आधार पर संकल्प पत्र तैयार किया जाएगा। शहर भाजपा के प्रचार प्रमुख चंदन गोस्वामी के अनुसार चुनाव तैयारी के तहत जनसंवाद के विविध माध्यम अपनाए गए हैं।

सोशल मीडिया के माध्यम से भी समाज के सभी वर्गों से सुझाव लिए जा रहे हैं। गुरुवार को ही नागपुर में पूर्व विदर्भ के 4 लोकसभा क्षेत्रों के शक्ति प्रमुखों का महासम्मेलन हुआ है। महासम्मेलन में उत्तराखंड के मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र रावत उपस्थित थे। उद्देश्य यही है कि बूथ पदाधिकारियों के माध्यम से आम लोगों व मतदाताओं के बीच जाकर उनका मत जाना जाए। शक्ति प्रमुख को दो से अधिक बूथों के संगठन कार्य के समन्वय की जिम्मेदारी दी गई है। संकल्प पत्र के माध्यम से यह जानने का प्रयास किया जाएगा कि 5 साल में देश में जनता ने किस तरह का बदलाव अनुभव किया है। साथ ही वे किस तरह का बदलाव चाहते हैं। जनता की अपेक्षा, आकांक्षा जानने का प्रयास भी जनसंवाद के माध्यम से किया जा रहा है। 

Similar News