कश्मीर मामले पर भाजपा का जनजागरण, संघ भवन पहुंचे केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री

कश्मीर मामले पर भाजपा का जनजागरण, संघ भवन पहुंचे केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री

Tejinder Singh
Update: 2019-09-27 12:53 GMT
कश्मीर मामले पर भाजपा का जनजागरण, संघ भवन पहुंचे केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री

डिजिटल डेस्क, नागपुर। कश्मीर में धारा 370 और 35 ए हटाने के बाद देश में पैदा हुए माहौल का भाजपा लाभ उठाना चाहती है। भावनात्मक माहौल का फायदा उठाने के लिए भाजपा ने जनजागरण अभियान शुरु किया है। इसी अभियान के तहत केंद्रीय संसदीय कार्य व कोयला मंत्री प्रहलाद जोशी ने शुक्रवार को राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के रेशमबाग स्थित भवन में भेंट दी। उन्होंने संघ के प्रथम सरसंघचालक डॉ.केशल बलिराम हेडगेवार की प्रतिमा का अभिवादन किया। उनके साथ राज्य के वित्त नियोजन व वनमंत्री सुधीर मुनगंटीवार, भाजपा पदाधिकारी देवेंद्र दस्तुरे भी उपस्थित थे। धारा 370 हटाने को लेकर परिचर्चा में शामिल होने के लिए वे आए हैं। चंद्रपुर व छिंदवाड़ा में परिचर्चा का आयोजन किया गया है। राज्य में विधानसभा चुनाव की तैयारी शुरु हो गई है। उम्मीदवारों के नामांकन दर्ज कराए जाने लगे हैं। बताया जा रहा है कि इस बार भाजपा चुनाव प्रचार में कश्मीर का मुद्दा ही प्रमुखता से सामने रखनेवाली है।

राज्य भर में अभियान

भाजपा के एक पदाधिकारी के अनुसार कश्मीर से धारा 370 व 35 ए हटाने को लेकर देश में जनजागरण अभियान चल रहा है। अभियान की शुरुआत 25 सितंबर से की गई है। राज्य में चुनाव के दौरान इस अभियान को अधिक गति दी जाएगी। विविध क्षेत्रों के सेवानिवृत्त लोगों के अलावा बुद्धिजीवियों से संपर्क किया जा रहा है। लोगों को बताया जा रहा है कि किस तरह कश्मीर में बदलाव आनेवाला है। एक राष्ट्र, एक संविधान के आदर्श पर आधारित कार्यक्रम में एक प्रदर्शन और 10 मिनट की वीडियो के जरिये कश्मीर की ताजा स्थिति को बयां किया जाता है। राज्य में शिवाजी महाराज के शासन को आदर्श माना जाता है। विविध स्तर पर बताया जाता है कि किस तरह अपने राज को अभिन्न रखने के लिए शिवाजी महाराज काे संघर्ष करना पड़ा था। कश्मीर के मामले में भी शिवाजी महाराज के माननेवालों को सबसे अधिक खुशी हुई है। लिहाजा तय है कि इस जनजागरण कार्यक्रम का लाभ चुनाव में भाजपा को भी मिलेगा।

Tags:    

Similar News