पुणे की महिला डॉक्टर को धमकाया, मांगे 20 लाख, प्रताड़ित करने वाले भी निकले डॉक्टर

पुणे की महिला डॉक्टर को धमकाया, मांगे 20 लाख, प्रताड़ित करने वाले भी निकले डॉक्टर

Tejinder Singh
Update: 2018-03-29 14:12 GMT
पुणे की महिला डॉक्टर को धमकाया, मांगे 20 लाख, प्रताड़ित करने वाले भी निकले डॉक्टर

डिजिटल डेस्क, पुणे। शहर की मशहूर महिला डॉक्टर को बदनाम करने की धमकी देकर उनसे 20 लाख रुपए की फिरौती मांगनेवाले दिल्ली, मुंबई और हैदराबाद के 5 डॉक्टरों सहित स्थानिय व्यक्ति के खिलाफ बुधवार रात मामला दर्ज किया गया है। मामला समर्थ पुलिस थाने में दर्ज किया गया। पुलिस ने बताया कि डॉ. प्रदीप चौबे, उम्र 65 साल रहवासी दिल्ली, डॉ. राजेश खुल्लर उम्र 58 साल रहवासी दिल्ली, डॉ. अतुल पीटर उम्र 50 साल रहवासी दिल्ली, डॉ. सुरेंद्र उगले उम्र 60 साल रहवासी हैदराबाद, डॉ. मुफजल लकड़वाला, उम्र 47 साल रहवासी मुंबई और श्रीहरि ढोरे पाटिल उम्र 65 साल स्थानीय रहवासी के खिलाफ धारा 385,323,509,500,506 और 34 के तहत मामला दर्ज किया गया है। उनके खिलाफ महिला डॉक्टर ने शिकायत दर्ज कराई है। 

डॉक्टरों ने महिला डॉक्टर को किया प्रताड़ित

शिकायत के अनुसार 26 जनवरी से 22 मार्च 2018 के बीच तीन महिनों में डॉ. चौबे, डॉ. उगले, डॉ. खुल्लर, डॉ. पीटर और ढोरे पाटिल ने महिला डॉक्टर को बदनाम करने की धमकी देते हुए उनसे हाथपाई की थी। डॉ. लकड़वाला ने तो महिला डॉक्टर से सीधे-सीधे कहा कि 20 लाख रुपए दो वरना जमकर बदनाम करेंगे। वहीं ढोरे पाटिल ने महिला डॉक्टर के साथ बदसलूकी की थी। मानसिक प्रताड़ना से तंग आकर महिला डॉक्टर ने उनके खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। 

मामले की जांच में जुटी पुलिस

जिन पांचों डॉक्टरों पर मामला दर्ज किया गया है। उनकी गिनती देश के प्रतिष्ठित डॉक्टरों में होती हैं। नामी महिला डॉक्टर से 20 लाख रुपए की फिरौती मांग उसे बदनाम करने की धमकी देने की घटना से चिकित्सा क्षेत्र में हड़कंप मच गया है। मामले की अधिक जांच समर्थ पुलिस थाने के वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक राजेंद्र मोहिते कर रहे हैं। पुलिस इस मामले की जांच कर रही है कि आखिर वो क्या कारण हो सकते हैं, कि महिला डॉक्टर को कई डॉक्टर मानसिक रूप से प्रताड़ित कर रहे हैं। पुलिस ने महिला की शिकायत को गंभीरता से लेकर मामला दर्ज कर लिया है। जिसकी जांच के बाद ही पुलिस किसी नतीजे पर पहुंच सकती है।

Similar News