चव्हाण की चुटकी, गडकरी के बयान पर बोले - माल्या को कर लें भाजपा में शामिल

चव्हाण की चुटकी, गडकरी के बयान पर बोले - माल्या को कर लें भाजपा में शामिल

Tejinder Singh
Update: 2018-12-14 14:33 GMT
चव्हाण की चुटकी, गडकरी के बयान पर बोले - माल्या को कर लें भाजपा में शामिल

डिजिटल डेस्क, मुंबई। भगोड़े कारोबारी विजय माल्या के मामले में केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी के बयान पर कांग्रेस ने निशाना साधा है। महाराष्ट्र प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अशोक चव्हाण ने कहा कि अपराधियों को भाजपा में शामिल कर उन्हें पवित्र करने और वाल्या को वाल्मीकी (डाकू को संत) बना देने का दावा करने वाले गडकरी अब माल्या को भी संत बनाने की कोशिश कर रहे हैं। 

दरअसल गडकरी ने गुरुवार को मुंबई के एक कार्यक्रम में देश के बैंकों से 9 हजार करोड़ रुपए से ज्यादा कर्ज लेकर फरार माल्या को चोर कहने को गलत बताया था। इस बयान की निंदा करते हुए चव्हाण ने कहा कि गडकरी ने इससे पहले बयान दिया था कि अपनी पार्टी में शामिल कर हम अपराधियों को संत बना देते हैं। चव्हाण ने सवाल किया कि क्या अब माल्या का समर्थन कर उसे भी भाजपा अपनी पार्टी में शामिल करेगी। उन्होंने याद दिलाया कि माल्या दो बार भाजपा की मदद से बतौर सांसद राज्यसभा पहुंच चुका है।

चव्हाण ने आरोप लगाया कि केंद्रीय वित्त मंत्री अरुण जेटली को इस बात की जानकारी थी कि माल्या विदेश भागने वाला है। एक दिन पहले ही वह जेटली से मिला था। इसके अलावा माल्या के खिलाफ जारी लुकआउट नोटिस में एक शब्द का हेरफेर किया गया था, जिसके चलते वह भागने में कामयाब हुआ। उन्होंने कहा कि भाजपा को यह बताना चाहिए कि माल्या को किसके आदेश पर भागने दिया गया। चव्हाण ने कहा कि जब यह साफ हो गया कि भाजपा ने माल्या को भागने में मदद की तो मजबूरी में उसके प्रत्यार्पण की प्रक्रिया शुरू की गई।        

 

Similar News