नगर निगम में नौकरी दिलाने के नाम पर ठगी

नगर निगम में नौकरी दिलाने के नाम पर ठगी

Bhaskar Hindi
Update: 2017-09-23 03:21 GMT
नगर निगम में नौकरी दिलाने के नाम पर ठगी

डिजिटल डेस्क,जबलपुर। शहर में आए दिन लोगों से धोखाधड़ी के मामले सामने आ रहे हैं। शहर के संजीवनी नगर थाना क्षेत्र में रहने वाले एक धोखेबाज ने नगर निगम में 4 लोगों से 40-40 हजार रुपए ठग लिए। आरोपी ने एक युवती को नगर निगम में नौकरी का फर्जी नियुक्ति पत्र भी दे दिया। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।

मामले में पुलिस ने बताया कि गढ़ा पुरवा त्रिपुरी चौक निवासी नयन साहू, नेहा कोष्टा, जयप्रकाश कोष्टा और दीपक कोष्टा ने शिकायत दर्ज कराई कि वे चारों बेरोजगार हैं। उनके घर के पास ही रणविजय सिंह रहता है, जो बचपन में उनके साथ पढ़ा है। उससे पुरानी जान-पहचान है। एक दिन चारों मेट्रो बस का पास बनवाने के लिए नगर निगम गए थे, वहां पर उन्हें रणविजय सिंह मिला। उसने कहा कि वो नगर निगम में बाबू है। नगर निगम में सुपरवाइजर, ऑफिस स्टाफ और कारपेंटर की भर्ती निकलने वाली है। यदि तुम लोग चाहो तो मैं नियुक्ति करवा सकता हूं। इसके लिए 40 हजार रुपए लगेंगे। 

फर्जी नियुक्ति पत्र देकर पैसे लिए
रणविजय सिंह ने 25 अप्रैल को उन्हें बुलाया। उसने नेहा कोष्टा को नगर निगम के संभाग क्रमांक-4 छोटी लाइन फाटक का एक नियुक्ति-पत्र दिया। उस नियुक्ति पत्र में नगर निगम के अपर आयुक्त के हस्ताक्षर थे। उसने कहा कि एक मई को जाकर ज्वॉइन कर लेना। नेहा का नियुक्ति पत्र दिखाकर उसने नयन साहू, जयप्रकाश कोष्टा और दीपक कोष्टा से भी 40-40 हजार रुपए ले लिए। 

ज्वॉइनिंग के समय खुलासा
एक मई को जब नेहा कोष्टा नियुक्ति पत्र लेकर पहुंची तो अधिकारियों ने बताया कि उनके पास किसी भी प्रकार की नियुक्ति का पत्र नहीं आया है। जब उसने आयुक्त कार्यालय से पता किया तो जानकारी मिली कि नियुक्ति पत्र फर्जी है। जब आयुक्त कार्यालय से जानकारी ली गई तो पता चला कि आरोपी तिलवाराघाट स्कूल में चपरासी के पद पर कार्यरत है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 420, 467, 468, 471 और 472 के तहत प्रकरण दर्ज कर लिया है।
 

Similar News