2.76 लाख बालकों को पिलाया जाएगा पोलियो डोज,1301 पोलियो बूथ तैयार

2.76 लाख बालकों को पिलाया जाएगा पोलियो डोज,1301 पोलियो बूथ तैयार

Anita Peddulwar
Update: 2020-01-17 08:45 GMT
2.76 लाख बालकों को पिलाया जाएगा पोलियो डोज,1301 पोलियो बूथ तैयार

डिजिटल डेस्क, नागपुर। पोलियो उन्मूलन अभियान अंतर्गत 19 जनवरी को बालकों को पल्स पोलियो डोज दिया जाएगा। मनपा 2 लाख 76 हजार 473 बालकों को पोलियाे की खुराक पिलाई जाएगी। शहर में 1301 पोलियो बूथ स्थापन किए जाएंगे। 954 बूथ पर 3 कर्मचारी व 347 बूथ पर दो कर्मचारी नियुक्त किए गए है।  200 से अधिक बालकों के बूथ पर 3 और 200 से कम बालकों के बूथ पर 2 कर्मचारी नियुक्त किए जाने की जानकारी मनपा स्वास्थ्य विभाग उपसंचालक तथा स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. भावना सोनकुसले ने पत्र परिषद में दी।

डॉ. सोनकुसले ने बताया कि भारत में वर्ष 2011 से 2014 तक लगातार 3 वर्ष में एक भी पोलियो का मरीज नहीं मिलने पर भारत को पोलियो मुक्त घोषित कर 27 मार्च 2014 को प्रमाणपत्र भी दिया गया। इसके बाद पश्चिम बंगाल के हावड़ा में एक मरीज मिला था। भारत के पड़ोसी देश पाकिस्तान, अफगानिस्तान में अभी भी पोलियो जड़े जमाए हुए है। पोलियो संक्रामक बीमारी है। संक्रमण का खतरा बना रहने से देश में पोलियो उन्मूलन अभियान चलाना जरूरी है। शून्य से पांच वर्ष उम्र का एक भी बालक पोलियो डोज से वंचित नहीं रहे, इसका पूरा ध्यान रखा जाएगा।

शहर की जनसंख्या 28 लाख 58 हजार अनुमानित मानकर 2 लाख 76 हजार 473 बालकों को पोलियो डोज पिलाने का लक्ष्य रखा गया है। इस लक्ष्य को पार करने के लिए 3 हजार 556 मानव संसाधन की सहायता ली जाएगी। 258 सुपरवाइजर बूथ पर निरीक्षण और कर्मचारियों की सहायता करेंगे। मंदिर, मस्जिद, मॉल, रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड, विमानतल, जोखिमभरे स्थल, निर्माणकार्य स्थल, ईंटभट्ठे, भटकी जनजाति के बच्चे, सड़कों पर रहने वाले, अनाथाश्रम, झोपड़पट्टी, स्मॉल फैक्टरी परिसर आदि स्थानों पर बच्चों को पोलियो डोज पिलाने के लिए ट्रांजीट टीम, मोबाइल टीम का गठन किया गया है।

21 से 25 जनवरी घर-घर पहुंचेंगी टीमें
19 जनवरी को सभी बच्चों को पोलियो डोज पिलाने की व्यवस्था रहेगी। पोलियो डोज पिलाने के बाद उनके उंगली पर स्याही का निशान लगाया जाएगा। 21 से 25 जनवरी तक टीमें घर-घर पहुंचकर बच्चों की उंगलियां चेक कर पोलियो डोज पिलाया गया है या नहीं, इस बात की पुष्टि करेगी। जिस घर के बच्चों को डोज पिलाया गया, उस घर के दरवाजे पर निशान लगाया जाएगा। जिस बच्चे की उंगली पर स्याही का निशान नहीं दिखाई देने पर उसे पोलिया की खुराक पिलाई जाएगी। इस काम के लिए 1057 टीम का गठन किया गया है। प्रतिदिन 200 सुपरवाइजर की सेवा ली जाएगी। इसके अतिरिक्त 93 ट्रांजीट टीम, 24 सुपरवाइजर, 17 मोबाइल टीम कार्य करेगी। जिनका घर नहीं है, ऐसे पालक बच्चों को अपने साथ कार्यस्थल पर ले जाते हैं। उनके बच्चों को पोलियो डोज पिलाने के लिए अलग से 2 टीम रहेगी। रात के समय उनके रहने की जगह पहुंचकर बच्चों को पोलियो खुराक पिलाई जाएगी। जनजागरण के लिए वाहन पर स्पिकर लगाकर अनाउंसमेंट, पोस्टर, बैनर, होर्डिंग्स, स्टीकर, रेलवे स्टेशन पर क्लिप, मस्जिदों में ऐलान, विद्यार्थियों की रैलीसे प्रचार-प्रसार किया जा रहा है। सभी नागरिकों से शून्य से पांच वर्ष बालकों को पोलियो बूथ पर ले जाकर डोज पिलाने का मनपा में अतिरिक्त आयुक्त राम जोशी ने आह्वान किया। पत्र परिषद में अभियान के नोडल अधिकारी डॉ. गोवर्धन नवखरे, अतिरिक्त स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. विजय जोशी आदि उपस्थित थे।

Tags:    

Similar News