मनपा आयुक्त व सत्तापक्ष के बीच टकराव, विकास कार्य अटके

मनपा आयुक्त व सत्तापक्ष के बीच टकराव, विकास कार्य अटके

Anita Peddulwar
Update: 2020-03-04 08:56 GMT
मनपा आयुक्त व सत्तापक्ष के बीच टकराव, विकास कार्य अटके

डिजिटल डेस्क, नागपुर।  मनपा आयुक्त और सत्तापक्ष के बीच इन दिनों जमकर टकराव चल रहा है। आयुक्त ने आर्थिक तंगी का हवाला देकर कार्यादेश होने के बावजूद काम पर रोक लगा दी है। फरवरी महीने में हुई आमसभा में उक्त विकासकार्यों से रोक हटा दी गई। महापौर ने तत्काल काम शुरू करने के आदेश दिए। आमसभा हुए 15 दिन से अधिक समय बीत गया, लेकिन अभी तक काम शुरू नहीं होने से नगरसेवकों में बेचैनी है। महापौर ने आयुक्त को नोटशीट भेजकर जानकारी मांगी है। करीब 100 करोड़ के विकासकार्य वर्कआर्डर के बाद भी रुके हुए हैं। वहीं, सत्तापक्ष का आरोप है कि मौजूदा सरकार ने मनपा में चुने हुए जनप्रतिनिधियों की अनदेखी कर स्थानीय निकाय को अस्थिर करने की साजिश आयुक्त के जरिए रची है, जिसका असर देखने को मिल रहा है। 

विकासकार्यों  पर ब्रेक
तुकाराम मुंढे और सत्तापक्ष के बीच आपसी कलह के चलते शहर के विकासकार्यों को ब्रेक लग गया है। तत्कालीन आयुक्त अभिजीत बांगर के कार्यकाल में कार्यादेश जारी किए गए अनेक विकासकार्यों को मुंढे ने पदभार संभालने के बाद रोक लगा दी है। मनपा की आर्थिक तंगी का तर्क दिया गया है, जबकि सत्तापक्ष का कहना है कि हमेशा ऐसी ही स्थिति रही है। इससे पहले कभी भी इस तरह की नौबत नहीं आई। अनेक विकासकार्यों का भूमिपूजन किया जा चुका है। शहर की जनता नगरसेवकों से विकास की आस लगाई बैठी है। उनके सवालों का जवाब देते नहीं बन रहा है। आयुक्त और सत्तापक्ष के बीच तल्खी बढ़ गई है। 

आयुक्त को नोटशीट भेजकर जानकारी मांगी है
सदन में जो निर्णय लिया गया, उस निर्णय पर क्या कार्रवाई की गई, इस संबंध में आयुक्त को नोट शीट भेजकर जानकारी मांगी गई है। अनेक विकासकार्यों के कार्योदेश पर तत्कालीन आयुक्त ने हस्ताक्षर किए थे। अनेक विकासकार्यों के भूमिपूजन भी हो चुके हैं। ऐसे विकासकार्य शुरू करने के सदन ने आदेश दिए थे। इसमें से कितने कार्य शुरू किए गए, इसकी जानकारी एक-दो दिन में मिलेगी। - संदीप जोशी, महापौर

विकास को रोकने जैसा काम है 
आयुक्त को मंजूर कामों को रोकना नहीं चाहिए। यह शहर के विकास को रोकने जैसा काम है। अनुशासन लाना चाहते हैं, तो अगले बजट से लाएं।   - दयाशंकर तिवारी, नगरसेवक
 

Tags:    

Similar News