कांग्रेस सांसद सातव का हिंगोली में हुआ अंतिम संस्कार, वरिष्ठ पत्रकार सरोज त्रिपाठी का निधन

कांग्रेस सांसद सातव का हिंगोली में हुआ अंतिम संस्कार, वरिष्ठ पत्रकार सरोज त्रिपाठी का निधन

Tejinder Singh
Update: 2021-05-17 15:24 GMT
कांग्रेस सांसद सातव का हिंगोली में हुआ अंतिम संस्कार, वरिष्ठ पत्रकार सरोज त्रिपाठी का निधन

डिजिटल डेस्क, मुंबई। कांग्रेस सांसद राजीव सातव का सोमवार को महाराष्ट्र के हिंगोली जिले स्थित कलमनूरी में अंतिम संस्कार कर दिया गया। 46 वर्षीय सातव का कोरोना के चलते रविवार को पुणे में निधन हो गया। कांग्रेस के महाराष्ट्र प्रभारी एचके पाटिल, प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष नाना पटोले, राज्य सरकार के मंत्री अशोक चव्हाण, बालासाहेब थोराट, विजय वडेत्तीवार, असलम शेख, नितिन राउत, वर्षा गायकवाड़, सतेज पाटिल, विश्वजीत कदम और कांग्रेस के कई अन्य नेता एवं कार्यकर्ता सातव की अंत्येष्टि के अवसर पर उपस्थित हुए। राज्यमंत्री विश्वजीत कदम ने सातव को याद करते हुए कहा कि दिवंगत राज्यसभा सदस्य उनके बड़े भाई की तरह थे। पिछले महीने कोरोना वायरस से संक्रमित पाए जाने के बाद राज्यसभा सदस्य सातव का पुणे के निजी अस्पताल में इलाज चल रहा था और वह वेंटिलेटर पर थे।कोविड-19 से उबरने के बाद वह साइटोमेगालो वायरस से संक्रमित पाए गए थे और उनकी हालत गंभीर हो गई थी। सातव का जन्म सितंबर 1974 में पुणे में हुआ था। उन्होंने फर्गुसन कॉलेज और आईएलएस लॉ कॉलेज से पढ़ाई की थी। वह 2002 से 2009 तक कलमनूरी ब्लॉक पंचायत के सदस्य रहे। सातव 2009 से 2014 तक हिंगोली से लोकसभा सदस्य भी रहे। वह कलमनूरी से विधायक भी रहे। वह विभिन्न संसदीय समितियों के सदस्य भी रहे।

वरिष्ठ पत्रकार सरोज त्रिपाठी का निधन 

वरिष्ठ पत्रकार सरोज त्रिपाठी का सोमवार को महानगर के एक निजी अस्पताल में निधन हो गए। कोरोना संक्रमित होने के बाद उन्हें बीते 23 अप्रैल को अस्पताल में भर्ती कराया गया था। कोरोना से ठीक होने के बाद सोमवार की सुबह 8.30 बजे उनका निधन हो गया। 68 वर्षीय श्री त्रिपाठी के निधन पर मुंबई हिंदी पत्रकार संघ सहित कई संगठनों ने शोक जताया है।इन दिनों त्रिपाठी मुंबई विश्वविद्यालय के गरवारे पत्रकारिता संस्थान में पत्रकारिता शिक्षण की जिम्मेदारी संभाल रहे थे। वे आपातकाल के बाद छात्र राजनीति में सक्रिय रहे।
 

 

Tags:    

Similar News