कोरोना लहर कमजोर होते ही महिलाओं के खिलाफ अपराध 34 फीसदी बढ़े 

मुंबई कोरोना लहर कमजोर होते ही महिलाओं के खिलाफ अपराध 34 फीसदी बढ़े 

Tejinder Singh
Update: 2022-01-22 14:33 GMT
कोरोना लहर कमजोर होते ही महिलाओं के खिलाफ अपराध 34 फीसदी बढ़े 

डिजिटल डेस्क, मुंबई। पिछले साल लॉकडाउन में राहत के बाद देश की आर्थिक राजधानी मुंबई में अपराध एक बार फिर बढ़ गए हैं। इनमें करीब 27 फीसदी की बढ़ोतरी हुई है। साल 2021 में मुंबई में 64 हजार 656 आपराधिक मामले दर्ज किए गए जबकि साल 2020 में महानगर में दर्ज कुल आपराधिक मामलों की संख्या 51 हजार 68 थी। हालांकि महानगर में पिछले सालों से दर्ज किए जा रहे करीब आधे मामले कोरोना संक्रमण के दिशानिर्देशों के उल्लंघन के हैं लेकिन गंभीर अपराध भी पिछले साल के मुकाबले काफी बढ़े हैं। कभी महिलाओं के लिए सबसे सुरक्षित शहर माने जाने वाले मुंबई में महिलाओं के खिलाफ अपराध में 34 फीसदी की इजाफा हुआ है। हालांकि कोविड से पहले के साल 2019 के आंकड़ों से तुलना करें तो महिलाओं के खिलाफ अपराध कम हुए हैं। 2019 में महिलाओं के खिलाफ अपराध के 6438 मामले दर्ज किए गए थे। 

साल 2021 में मुंबई में बलात्कार के 888 मामले सामने आए जिनमें से 524 पीड़ित नाबालिग थीं। पुलिस ने बालिग महिलाओं के बलात्कार के 98 फीसदी मामलों की गुत्थी सुलझाने में सफल रही लेकिन नाबालिगों से बलात्कार के 23 फीसदी मामलों में पुलिस आरोपियों तक नहीं पहुंच पाई। इसके अलावा 2021 में महिलाओं से छेड़छाड़ के 2076 मामले सामने आएं जबकि साल 2020 में छेड़छाड़ के 1945 मामले दर्ज किए गए थे। महानगर में दहेज उत्पीड़न की शिकायतें भी बढ़ी हैं। साल 2020 में मुंबई में दहेज उत्पीड़न के 387 मामले दर्ज किए गए थे जो साल 2021 में बढ़कर 785 तक पहुंच गई। इसके अलावा महानगर में हत्या के मामले साल 2020 के 148 से बढ़कर 2021 में 162 हो गए। बीते साल महानगर में डकैती के 16, लूटपाट के 749, चेन झपटमारी के 149, जबरन वसूली के 280, चोरी के 4534 और दंगों के 318 मामले दर्ज किए गए। 

अपराधियों पर कस रहा शिकंजा

साल 2021 के दौरान मुंबई में दर्ज कुल आपराधिक वारदातों में से 82 फीसदी की गुत्थी सुलझाने में पुलिस कामयाब रही है। महानगर में अपराध सुलझने की दर लगातार बढ़ रही है। साल 2019 में दर्ज कुल मामलों में से 69 फीसदी की ही गुप्थी सुलझ पाई थी। साल 2020 में इसमें थोड़ा और सुधार हुआ और पुलिस 77 फीसदी मामलों को सुलझाने में कामयाब रही थी। 

बीते साल के मुकाबले बढ़े अपराध

साल         2021      2020      2019  

हत्या         162        148       165
बलात्कार   888        767      1015
छेड़छाड़    2076      1945     2678
चोरी          4534      3433    5888
गाड़ी चोरी  3282      2801     2693  
 

Tags:    

Similar News