Crime : पाव-भाजी ठेले पर दो गुट भिडे़, दी जान से मारने की धमकी

Crime : पाव-भाजी ठेले पर दो गुट भिडे़, दी जान से मारने की धमकी

Tejinder Singh
Update: 2021-03-11 10:59 GMT
Crime : पाव-भाजी ठेले पर दो गुट भिडे़, दी जान से मारने की धमकी

डिजिटल डेस्क, नागपुर। यशवंत स्टेडियम के पास मंगलवार को दिनदहाड़े दो गुट भिड़ गए। वसूली और जान से मारने की धमकी देने का आरोप है। धंतोली थाने में दोनों गुटों के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया गया है।  कांग्रेस नगर निवासी रवींद्र गुजर (45) नामक व्यक्ति यशवंत स्टेडियम के पास पाव-भाजी का ठेला लगाता है। शिकायत के अनुसार मंगलवार को दोपहर दो बजे के करीब रवींद्र और उसका नौकर ठेले पर थे, तभी धर्मेद्र उर्फ सोनू कुरबाने (35) और सागर शेंडे (29), (दोनों निवासी यशवंत स्टेडियम के पीछे) वहां आ धमके और दोनों को धमकाते हुए  एक हजार रुपए और पाव-भाजी का पार्सल देने के लिए कहा। रवींद्र ने इससे इनकार पर हुए विवाद में सोनू और सागर ने रवींद्र और उसके नौकर की पिटाई की और जान से मारने की धमकी दी। उधर इस मामले में सोनू ने दर्ज शिकायत में कहा है कि, मंगलवार की दोपहर तीन बजे वह गुजर के ठेले पर खड़ा था, तब उसे बेवजह गाली दी गई। इसके बाद वह मोक्षधाम चौक में मित्र के साथ घर चला गया। वहां आरोपी गुजर, आकाश टिपले, राहुल तल्हार और अन्य तीन-चार लोग चाकू और लोहे के रॉड से लैस होकर उसे मारने के लिए पहुंचे, लेकिन  घर में नहीं होने से आरोपियों ने पत्नी से पूछताछ की और जान से मारने की धमकी दी। दोनों गुटों के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया गया है।

गांजा विक्रेता नौकर गिरफ्तार, मालकिन फरार

उधर बर्डी स्थित तेलीपुरा में मंगलवार की रात जोन क्र.-2 की टीम ने छापा मारकर युवक को गांजा बेचते हुए रंगे हाथ दबोच लिया, जबकि उसकी मालकिन फरार होने में सफल हो गई। बर्डी थाने में प्रकरण दर्ज कर युवक से गांजा और दोपहिया वाहन जब्त किया गया है।  आरोपी फैजान अब्दुल शेख (23), दिघोरी निवासी और उसकी मालिकन अजीजा बी शेख, बुरड़ गली, तेलीपुरा, बर्डी निवासी है। मंगलवार की रात जोन क्र.-2 की टीम बर्डी क्षेत्र में गश्त लगा रही थी।इस दौरान गुप्त सूचना मिली कि, बुरड़ गली में दोपहिया वाहन क्र.-एम.एच.-31-सी.टी.-1334 पर सवार युवक ने अपना वाहन खड़ा किया और उस पर बैठकर अपने परिचित ग्राहकों को गांजे की पुड़िया बेच रहा है। पुलिस ने परिसर को घेर लिया और छापा मारकर कार्रवाई को अंजाम दिया। फैजान को पुलिस ने धरदबोचा और उसके कब्जे से 92 गांजे की पुड़िया जब्त की गईं। जिसमें कुल 659 ग्राम गांजा था।  पूछताछ में फैजान ने पुलिस को बताया कि, गांजा अजीजा बी शेख का है। उसके लिए वह गांजे की बिक्री करता है। इसके बदले में अजीजा उसे रोजाना 400 रुपए देती है। कार्रवाई की भनक लगते ही अजीजा फरार हो गई। फैजान से गांजा, दोपहिया वाहन और गांजा बिक्री के नकद दो हजार रुपए, ऐसे कुल 58 हजार 590 रुपए का माल जब्त किया गया है। उपायुक्त विनीता साहू,निरीक्षक डी.वी. पाटील, सहायक निरीक्षक डी.एम. चंदन के मार्गदर्शन में आदित्य यादव, रामदास नेरकर, अमितकुमार सिंह, पराग फेगड़ और नीलीमा सोमकुंवर ने कार्रवाई की।

दो सहेलियों से छेड़छाड़ मनचलों पर प्रकरण दर्ज

महिला दिवस पर दो सहेलियों से छेड़छाड़ के मामले में मंगलवार को नंदनवन थाने में दो  युवकों के खिलाफ छेड़छाड़ का मामला दर्ज िकया गया। 16 वर्षीय िकशोरी नंदनवन क्षेत्र निवासी है। 8 मार्च को रात साढ़े आठ बजे वह अपनी सहेली के साथ मेडिकल चौक में दवा लेने गई थी। इस दौरान सिद्धांत पिल्लेवान (19) और उसके िमत्र बंटी सोनटक्के (20) ने उनका पीछा किया। फटकार लगाने पर दोनों युवकों छेड़छाड़ की। 

बालिका से दुष्कर्म करने वाले की जमकर हुई पिटाई

घर में घुसकर बालिका से दुष्कर्म करने वाले आरोपी को बस्ती के लोगों ने धरदबोचा। जमकर उसको पीटा और थाने तक उसकी बारात निकालने के बाद उसे जरीपटका पुलिस के हवाले कर दिया। प्रकरण दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार किया गया है। इस घटना से क्षेत्र में कुछ समय के लिए तनाव बना रहा। पीड़ित 13 वर्षीय बालिका जरीपटका क्षेत्र की निवासी है। उसे मां नहीं है। पिता निजी काम करते हैं। मंगलवार की रात करीब साढ़े दस बजे बालिका को अकेला पाकर बस्ती के शुभम (27) नामक युवक ने दुष्कर्म किया। बालिका ने जब शोर मचाया तो बस्ती के लोग जमा हो गए और  शुभम को दबोच कर उसकी जमकर पिटाई की। पश्चात उसे पुलिस को सौंप दिया। दर्ज शिकायत में पीड़िता ने बताया कि, इसके पहले 2 मार्च की रात को भी शुभम ने ऐसी ही हरकत करने का प्रयास किया था। बालिका के चुप्पी साधने से शुभम की हिम्मत बढ़ गई और उसने फिर इस घिनौने कृत्य को अंजाम दिया। 

मध्य प्रदेश का बालक नागपुर से हुआ लापता

मध्य प्रदेश से पिता के साथ आया बालक नागपुर में संदिग्ध स्थिति में गायब हो गया। काफी खोजबीन के बाद भी उसका कोई सुराग नहीं मिला है। हाईकोर्ट के दिशा-निर्देशों के तहत प्रकरण अपरहण की श्रेणी में दर्ज िकया गया है। जगदीश लल्लन कौल (40), मध्य प्रदेश के ग्राम चरका निवासी है। किसी कार्य के चलते जगदीश परिवार के साथ नागपुर आया हुआ है। वह मोमिनपुरा स्थित गार्ड लाइन में ठहरा है। मंगलवार को शाम साढ़े सात बजे जगदीश का मासूम पुत्र इंदर समीप ही पानी लेने गया हुआ था। इसके बाद से ही उसका कोई पता नहीं है। खोजबीन के बाद भी उसका कोई सुराग नहीं मिला है। माना जा रहा है कि, इंदर रास्ता भटक गया होगा। हालांकि घटना को लेकर संदेह भी व्यक्त किया जा रहा है। 
 

रामटेक में ऑनलाइन फ्राॅड, पहले 20 हजार निकाले और लौटा दिए, फिर दूसरे खाते से ढाई लाख गायब

उधर रामटेक के स्नेह नगर मौदा निवासी महिला से बैंक अधिकारी का झांसा देकर खाते की जांच के नाम पर पहले ओटीपी मांगा गया। ओटीपी बताते ही खाते से 19 हजार गायब हो गए। इसकी जानकारी महिला ने बेटी को दी। बेटी के फाेन करते ही रकम लौटा दी गई। दूसरे दिन जब महिला स्टेट बैंक आॅफ इंडिया की मौदा शाखा पहुंची और पति के खाते का स्टेटमेंट निकाला तो महिला के होश उड़ गए।  पति के पेंशन खाते से तकरीबन 2 लाख 48 हजार 400 रुपए की ठगी का खुलासा हुआ। स्नेह नगर, मौदा निवासी वीना रामकिशन वैद्य (43) को 7 मार्च की सुबह करीब 9.30 बजे के दौरान मोबाइल पर अज्ञात आरोपी ने एसबीआई मुख्य शाखा से बात करने का जानकारी दी। ‘अकाउंट का वेरिफिकेशन शुरू है, मोबाइल पर आया ओटीपी देने का झांसा दिया’।  इस पर वीना ने ओटीपी नंबर देते ही खाते से 19,998 रुपए विड्राल हो गए। बेटी को जानकारी देने पर उसने संबंधित नंबर पर फोन कर पैसे लौटाने कहा। जिस पर आरोपी ने वह राशि खाते में वापस भी कर दी। दूसरे दिन 8 मार्च को सुबह करीब 11.30 बजे जब महिला मौदा की एसबीआई शाखा पहुंची और पति के खाते का स्टेटमेंट निकाला तो पता चला कि, एप के जरिए आॅनलाइन तरीके से करीब 2 लाख 48 हजार 400 रुपए की ठगी की गई। फरियादी की शिकायत पर मौदा पुलिस थाने में धारा 420, सह धारा 66 (डी) सूचना तकनीक अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया। आगे की जांच मौदा पुलिस कर रही है।

 

Tags:    

Similar News