नागपुर में बनेगा साइबर क्राइम पुलिस स्टेशन

नागपुर में बनेगा साइबर क्राइम पुलिस स्टेशन

Tejinder Singh
Update: 2019-01-12 11:31 GMT
नागपुर में बनेगा साइबर क्राइम पुलिस स्टेशन

डिजिटल डेस्क, नागपुर। उपराजधानी का विकास और विस्तार हो रहा है। जनसंख्या भी बढ़ रही है। ऐसे में अपराध भी बढ़े हैं। रोजाना 20 से 25 आर्थिक अपराध दर्ज हो रहे हैं। इसकी तुलना में साइबर अपराधों का कोई सुराग नहीं लग रहा है। ऐसे में भाजपा झोपड़पट्टी मोर्चा के शहर अध्यक्ष रमेश वानखेडे ने नागपुर में साइबर क्राइम पुलिस स्टेशन गठित करने की मांग की थी। इसका संज्ञान लेते हुए पालकमंत्री चंद्रशेखर बावनकुले ने इस संबंध में तत्काल कार्यवाही करने के निर्देश पुलिस आयुक्त को दिए हैं।

पुलिस के लिए साइबर क्राइम बड़ी चुनौती साबित हो रही है। 21वीं शताब्दी में तकनीक ने जीवन को गति दी है, लेकिन उसके साथ अपराध को भी जन्म दिया है। उपराजधानी भी इससे अछूती नहीं है। साइबर अपराधियों द्वारा सरकारी, संशोधन संस्था की वेबसाइट हैक कर जानकारी चोरी करने का प्रमाण बढ़ा है। इसके अलावा प्रसिद्ध, महत्वपूर्ण व्यक्तियों के बैंक खातों से इंटरनेट की सहायता से लाखों रुपए की चपत लगाने के मामले भी सामने आए हैं।

भविष्य में यह चुनौतियां और गंभीर बनेंगी, इसमें कोई संदेह नहीं है। नागपुर पुलिस को रोजाना 20 से 25 इस तरह की शिकायतें आती हैं। अनगिनत आवेदन लंबित रहते हैं। जिससे साइबर क्राइम का प्रमाण बढ़ते जा रहा है। साइबर क्राइम को रोकने के लिए सरकार से हो रहे प्रयास भी अपर्याप्त है। ऐसे में साइबर अपराध रोकने के लिए साइबर पुलिस थानों की जरूरत है। जिसकारण नागपुर में साइबर क्राइम पुलिस स्टेशन स्थापन करने की मांग का निवेदन भाजपा झोपड़पट्टी मोर्चा के अध्यक्ष रमेश वानखेडे ने पालकमंत्री चंद्रशेखर बावनकुले को दिया था। इस पर पालकमंत्री ने पुलिस आयुक्त डॉ. भूषणकुमार उपाध्याय को तत्काल कार्यवाही करने के निर्देश दिए हैं।

 

Similar News