अक्टूबर के पहले हफ्ते में होगी कर्जमाफी : सीएम फडणवीस

अक्टूबर के पहले हफ्ते में होगी कर्जमाफी : सीएम फडणवीस

Bhaskar Hindi
Update: 2017-09-12 05:55 GMT
अक्टूबर के पहले हफ्ते में होगी कर्जमाफी : सीएम फडणवीस

डिजिटल डेस्क, मुंबई। महाराष्ट्र के किसानों को अगले माह के पहले ही सप्ताह में कर्जमाफी की रकम खातों में जमा करवाने का आश्वासन सीएम देवेन्द्र फडणवीस ने दिया है। किसानों की कर्जमाफी की मांग को लेकर शिवसेना मंत्रियों के प्रतिनिधिमंडल ने सीएम फडणवीस से मुलाकात की। इस दौरान सीएम ने उन्हें विश्वास दिलाया कि किसानों का कर्ज जल्दी ही माफ होगा। उन्होंने अक्टूबर महीने के पहले सप्ताह से किसानों के खाते में राशि जमा कराने का आश्वासन दिया है।   

मंत्रालय में शिवसेना नेता व राज्य के पर्यावरण मंत्री रामदास कदम ने बताया कि सीएम से पार्टी ने किसानों को दशहरा तक कर्जमाफी देने की मांग की। इस पर सीएम ने कहा कि सरकार दीपावली तक कर्जमाफी देगी। इसके बाद पार्टी के नेताओं ने जल्द कर्जमाफी देने का आग्रह किया। इसके मद्देनजर सीएम ने कहा कि अक्टूबर महीने की शुरुआत में कर्ज माफी दी जाएगी। कदम ने कहा कि हमें सीएम के आश्वासन पर भरोसा है। हम उम्मीद करते हैं कि किसान कर्जमाफी के बाद राज्य में किसान आत्महत्या की घटनाएं रुक जाएंगी। 

विधान परिषद की आश्वासन समिति का गठन
 विधान परिषद की आश्वासन समिति का गठन कर दिया गया है। सदन में भाजपा के सदस्य अनिल सोले आश्वासन समिति के प्रमुख होंगे। समिति के सदस्य के रूप में भाजपा सदस्य परिणय फुके, शिवसेना सदस्य गोपीकिशन बाजोरिया, कांग्रेस सदस्य शरद रणपीसे, सतेज पाटील, जनार्दन चांदूरकर, जगन्नाथ शिंदे, राष्ट्रवादी कांग्रेस सदस्य निरंजन डावखरे और जयदेव गायकवाड को शामिल किया गया है। कांग्रेस सदस्य संजय दत्त को समिति का विशेष निमंत्रित सदस्य बनाया गया है। 

वापस होंगे किसानों पर दर्ज मामले
कदम ने कहा कि किसान आंदोलन के समय राज्य में किसानों के खिलाफ दर्ज मामले मामले वापस लेने का आश्वासन भी सीएम ने दिया है। कदम ने कहा कि सरकार द्वारा कर्जमाफी की घोषणा किए महीनों बीत जाने के बाद भी किसानों को कर्जमाफी का लाभ नहीं मिल पाया है। सत्ता में होने के बावजूद शिवसेना विपक्ष की भूमिका निभा रही है, क्योंकि राज्य में विपक्ष का अस्तित्व ही नहीं है। कदम ने कहा कि सरकार जहां कहीं जनहित से जुड़े फैसले लेने में पीछे हटेगी, वहां पर हम आवाज उठाएंगे।

Similar News