भाजपा के टिकट से नितेश पर फैसला जल्द, बेटे संदीप नाईक के टिकट पर चुनाव लड़ेंगे गणेश, एनसीपी में शामिल कोकाटे

भाजपा के टिकट से नितेश पर फैसला जल्द, बेटे संदीप नाईक के टिकट पर चुनाव लड़ेंगे गणेश, एनसीपी में शामिल कोकाटे

Tejinder Singh
Update: 2019-10-02 14:56 GMT
भाजपा के टिकट से नितेश पर फैसला जल्द, बेटे संदीप नाईक के टिकट पर चुनाव लड़ेंगे गणेश, एनसीपी में शामिल कोकाटे

डिजिटल डेस्क, मुंबई। नई मुंबई की ऐरोली सीट से घोषित भाजपा उम्मीदवार संदीप नाईक ने अपने पिता गणेश नाईक के लिए सीट छोड़ दी है। अब ऐरोली सीट पर गणेश विधानसभा चुनाव लड़ेंगे। बुधवार को भाजपा की ओर से गणेश नाईक को उम्मीदवारी दाखिल करने के लिए एबी फार्म दिया गया। इससे पहले नई मुंबई के बेलापुर सीट से टिकट नहीं दिए जाने के कारण नई मुंबई में नाईक समर्थकों में भारी नाराजगी देखी गई। नई मुंबई मनपा के महापौर आवास पर नाराज नगरसेवकों की बैठक हुई। इस बैठक में गणेश के दोनों बेटे संदीप और पूर्व सांसद संजीव नाईक मौजूद थे। इसी बैठक में फैसला हुआ कि संदीप ऐरोली की सीट पिता के लिए छोड़ेंगे। भाजपा की ओर से 1 अक्टूबर को विधानसभा चुनाव के लिए जारी की गई उम्मीदवारों की सूची में बेलापुर सीट से मौजूदा विधायक मंदा म्हात्रे को उम्मीदवारी दी गई थी। नई मुंबई की मनपा की सत्ता पर नाईक परिवार का एकक्षत्र राज रहा है। विधानसभा चुनाव की घोषणा से पहले नाईक परिवार राष्ट्रवादी कांग्रेस को छोड़कर भाजपा में शामिल हुआ था। नाईक के साथ नई मुंबई मनपा के लगभग 55 नगरसेवकों ने भी भाजपा का दामन थामा है। पर भाजपा ने बाप-बेटे दोनों को उम्मीदवारी देने को तैयार नहीं हुई। 

भाजपा के टिकट पर चुनाव लड़ेंगे नितेश: राणे

पूर्व मुख्यमंत्री नारायण राणे ने बुधवार को कहा कि उनके पुत्र नितेश राणे विधानसभा चुनाव में भाजपा के टिकट पर कणकवली सीट से चुनाव लड़ेंगे। उन्होंने दावा किया कि उनके पुत्र का नाम भाजपा की दूसरी सूची में होगा। नितेश राणे ने 2014 विधानसभा चुनाव में कांग्रेस के टिकट पर सिंधुदुर्ग जिले की कणकवली सीट से तत्कालीन भाजपा विधायक प्रमोद जठार को हराकर चुनाव जीता था। नितेश ने मंगलवार को विधानसभा सदस्यता से इस्तीफा दे दिया था। नारायण राणे ने कहा कि नितेश का नाम दूसरी सूची में होगा और वह कणकवली से चुनाव लड़ेगा। राणे ने उनकी ‘महाराष्ट्र स्वाभिमान पार्टी’ को भाजपा में विलय करने की अटकलों पर, कहा कि इसके एक सप्ताह में होने की संभावना है। 

भाजपा के पूर्व विधायक कोकाटे राकांपा में शामिल

विधानसभा चुनाव के लिए नामांकन के लिए दो दिन और बचे हैं। इस बीच टिकट के लिए दल बदल का सिलसिला जारी है। बुधवार को नाशिक जिले के भाजपा विधायक माणिकराव कोकाटे राष्ट्रवादी कांग्रेस में शामिल हो गए। पार्टी ने उन्हें सिन्नर सीट से अपना उम्मीदवार बनाया है। प्रदेश राकांपा अध्यक्ष जयंत पाटील ने कोकाटे का पार्टी में स्वागत किया। पाटील ने उन्हें सिन्नर से उम्मीदवार बनाए जाने का एलान किया।उनके साथ पैठण के भाजपा युवा मोर्चा उपाध्यक्ष दत्तात्रय कोरडे, भानुदास पिसे, अप्पासाहेब गायकवाड भी राकांपा में शामिल हो गए।
 

 

Tags:    

Similar News