दिल्ली: रोहिणी कोर्ट के बाहर वकीलों का प्रदर्शन, अब अलवर में भी भिड़े दोनों पक्ष

दिल्ली: रोहिणी कोर्ट के बाहर वकीलों का प्रदर्शन, अब अलवर में भी भिड़े दोनों पक्ष

Bhaskar Hindi
Update: 2019-11-06 08:12 GMT
दिल्ली: रोहिणी कोर्ट के बाहर वकीलों का प्रदर्शन, अब अलवर में भी भिड़े दोनों पक्ष

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। दिल्ली की तीस हजारी कोर्ट के बाहर खाकी वर्दी और काले कोट के बीच हुई भिड़ंत का मामला बढ़ता ही जा रहा है। मंगलवार को दिल्ली पुलिस द्वारा वकीलों के खिलाफ विरोध प्रदर्शन करने के बाद अब वकील भी रोहिणी कोर्ट के बाहर प्रदर्शन कर रहे हें। आज (बुधवार) सुबह वकीलों ने लोगों को कोर्ट के अंदर जाने से रोक दिया। साथ ही इंसाफ की मांग करते हुए वह जमकर नारेबाजी कर रहे हैं। इसके अलावा वकीलों का साकेत कोर्ट में भी प्रदर्शन जारी है, यहां उन्होंने कोर्ट के सभी दरवाजे बंद कर रखे हैं। बार काउंसिल ऑफ दिल्ली के मना करने के बाद भी वकीलों ने हड़ताल बंद नहीं की है।

 

 

लाठीचार्ज करने वालों के खिलाफ लड़ाई
दिल्ली के रोहिणी कोर्ट के बाहर विरोध प्रदर्शन कर रहे वकीलों में से एक वकील ने बताया कि हमारी लड़ाई सिर्फ उन पुलिसकर्मियों के खिलाफ है जिन्होंने हम पर फायरिंग और लाठीचार्ज किया। वकील ने बताया कि हम तब तक विरोध प्रदर्शन करेंगे जब तक फायरिंग और लाठीचार्ज करने वाले पुलिसकर्मियों को गिरफ्तार नहीं कर लिया जाता है।

 

 

कोर्ट की बिल्डिंग से कूदने की धमकी
विरोध प्रदर्शन के दौरान एक वकील रोहिणी कोर्ट की बिल्डिंग पर चढ़ गया। साथ ही वह बिल्डिंग से कूद कर आत्महत्या करने की भी धमकी देने लगा। वहीं आशीष चौधरी नाम के एक वकील ने तो आत्मदाह करने का भी प्रयास किया। उसने खुद पर पेट्रोल डालकर आत्मदाह करने की कोशिश की। इस पर कोर्ट उन्होंने बताया कि ऐसा उन्होंने आत्मसम्मान के लिए किया।

क्या है मामला ?
दरअसल 2 नवंबर को तीस हजारी कोर्ट में पुलिस और वकील आपस में भिड़ गए थे। मसला सिर्फ इतना था कि एक वकील को पुलिस जवानों ने कोर्ट के एक लॉकअप में जाने से रोक दिया। इसके बाद दोनों पक्षों के बीच कहासुनी बढ़ती ही चली गई और मामला यहां तक पहुंच गया कि पुलिस को फायरिंग तक करनी पड़ी। इसके जवाब में वकीलों ने भी पुलिस जीप सहित कई वाहनों को आग के हवाले कर दिया और जमकर तोड़फोड़ भी की।

अलवर कोर्ट में दोनों पक्षों के बीच भिड़ंत
उधर, राजस्थान के अलवर कोर्ट में भी आज पुलिस और वकील आपस में भिड़ गए। यहां वकीलों ने हरियाणा पुलिस के एक जवान की जमकर पिटाई की।

Tags:    

Similar News