RBI में मिले चलन से बाहर हुए 1000 रुपए के लाखों के नकली नोट

RBI में मिले चलन से बाहर हुए 1000 रुपए के लाखों के नकली नोट

Anita Peddulwar
Update: 2018-07-28 08:20 GMT
RBI में मिले चलन से बाहर हुए 1000 रुपए के लाखों के नकली नोट

डिजिटल डेस्क, नागपुर। भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) में प्रतिबंधित हो चुके 500 और 1000 रुपए के नोटों में लाखों रुपए के नकली नोट पाए गए हैं। यह नोट शहर के विविध बैकों में जमा किए गए थे, जहां से RBI में पहुंचे हैं। इन नोटों में कुछ 100 रुपए के भी नकली नोट मिलने की जानकारी है। सदर थाने में अज्ञात आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया गया है। 

पता कर पाना मुश्किल
ज्ञात हो जुलाई 2017 से दिसंबर 2017 और दिसंबर 2017 से अप्रैल 2018 के बीच RBI में अलग-अलग कुल 331 चरणों में पुराने दर के 500 और 1000 के करोड़ों रुपए जमा किए गए थे। यह नोट शहर के कई बैंको से जमा किए गए थे। जांच-पड़ताल के दौरान इन नोटों में से करीब 39 लाख 24 हजार 900 रुपए के नकली नोट पाए गए हैं। इसके अलावा 100 रुपए के भी नकली नोट पाए गए हैं।

इतने बड़े पैमाने पर नकली नोटों के पाए जाने से बैंक अधिकारियों के कान खड़े हो गए हैं। संबंधित थाने में प्रकरण तो दर्ज किया गया है, लेकिन यह नोट कौन से खाते से आए, यह पता करना पुलिस के लिए टेढ़ी खीर साबित हो रहा है। प्रकरण की जांच शुरू हो गई है। नोट जमा करने वाले खातेधारकों के संबंध में अभी तक कोई ठोस सुराग पुलिस के हाथ नहीं लगा है। 

जल्दबाजी का फायदा उठाया
उल्लेखनीय है कि वर्ष 2016 में भारत सरकार ने पुराने दर के 500 और 1000 रुपए के नोटों पर प्रतिबंध लगा दिया था। इसके बदले में नए नोट जारी किए गए थे। इससे लोगों के पुराने नोट रद्दी के भाव में जाने का डर पैदा हो गया था, लिहाजा पुराने नोट तत्काल बैंक में जमा करने के लिए लोगों में मारामारी रही। एक साथ करोड़ों रुपए बैकों में जमा होने से नोटों की पड़ताल जिस तरह से होनी चाहिए थी, उस तरह से नहीं हो पाई थी। इसका फायदा उठाते हुए कुछ असामाजिक तत्वों ने नकली नोट भी बैकों में जमा कर दिए, बाद में यही नोट रिजर्व बैंक में पहुंचे। पड़ताल के दौरान वहां पर लाखों रुपए के नकली नोट पाए गए हैं।

पहले भी कई बार मिले हैं नकली नोट
RBI में नकली नोट मिलना कोई नई बात नहीं है। इसके पूर्व भी कई बार नकली नोट पाए गए हैं। रिजर्व बैंक की तरफ से प्रकरण तो दर्ज किया जाता है, लेकिन इसके बाद क्या हुआ, इसका खुलासा नहीं किया जाता है।

Similar News