रूस-यूक्रेन के संघर्ष के चलते महंगाई का असर- राजनाथ सिंह

विपक्ष को जवाब रूस-यूक्रेन के संघर्ष के चलते महंगाई का असर- राजनाथ सिंह

Tejinder Singh
Update: 2022-05-20 15:34 GMT
रूस-यूक्रेन के संघर्ष के चलते महंगाई का असर- राजनाथ सिंह

डिजिटल डेस्क, मुंबई। देश में बढ़ती महंगाई को लेकर विपक्ष के आरोपों पर केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने जवाब दिया है। उन्होंने भारत में बढ़ती महंगाई का कारण रूस-यूक्रेन के संघर्ष को बताया है। सिंह ने कहा कि भारत की स्थिति तो ठीक है। अमेरिका में तो पिछले 40 सालों के मुकाबले सबसे अधिक महंगाई बढ़ी है। पुणे में भाजपा की एक बैठक में सिंह ने कहा कि रूस और यूक्रेन के विवाद के बाद वस्तुओं की आपूर्ति सेवा प्रभावित हुई है। इससे किसी भी देश की अर्थव्यवस्था पर असर पड़ना स्वभाविक है। सिंह ने कहा कि अमेरिका में इतनी ज्यादा महंगाई बढ़ गई है जितने पिछले 40 सालों में नहीं बढ़ी थी। कम से कम भारत की स्थिति तो ठीक है। सिंह ने कहा कि कोरोना महामारी के दौरान सभी आर्थिक गतिविधियां ठप्प पड़ गई थी। उस समय भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश की अर्थव्यस्था को रसातल में नहीं जाने दिया। सिंह ने कहा कि केंद्र में मोदी सरकार बनने के बाद अंतरराष्ट्रीय मंचों पर भारत की प्रतिष्ठा बढ़ी है। सिंह ने कहा कि केंद्र सरकार ने आत्मनिर्भर भारत का संकल्प लिया है। भारत में सेना के इस्तेमाल के लिए मिसालई, रॉकेट सहित अन्य हथियार विदेश से खरीदे जा रहे थे। मैंने सेना के लिए इस्तेमाल में लाई जाने वाली 309 हथियार समेत अन्य सामग्री की सूची जारी कर दी है। इसके तहत एक निश्चित अवधि के बाद ये हथियार विदेश से नहीं मंगाए जा सकेंगे बल्कि इसका निर्माण भारत में ही होगा। सिंह ने कहा कि अब भारत हथियारों का निर्यात करने वाली विश्व के 25 देशों की सूची में शामिल हो गया है। सिंह ने कहा कि मैं भारत और चीन विवाद मामले में कुछ ज्यादा नहीं बोलूंगा। यदि पूरी जानकारी दे दी जाए तो तो हर भारतीय का सीना  चौड़ा हो जाएगा। देश की सेना के जवानों ने शौर्य और पराक्रम का परिचय दिया है। मैं भरोसा दिलाना चाहता हूं कि भारत पूरी तरह से सुरक्षित है। दुनिया की कोई ताकत भारत की ओर आंख उठा कर नहीं देख सकती है। भारत की ताकत का ऐहसास सभी को है। सिंह ने कहा कि हम किसी को छेड़ेंगे नहीं, यदि कोई हमें छेड़ेगा तो हम उसको नहीं छोड़ेंगे। 

 

Tags:    

Similar News