कड़ी सुरक्षा में पहुंचीं एम-3 टाइप की 15 हजार मशीनें, लोकसभा चुनाव के लिए तैयारी

कड़ी सुरक्षा में पहुंचीं एम-3 टाइप की 15 हजार मशीनें, लोकसभा चुनाव के लिए तैयारी

Anita Peddulwar
Update: 2018-08-31 06:10 GMT
कड़ी सुरक्षा में पहुंचीं एम-3 टाइप की 15 हजार मशीनें, लोकसभा चुनाव के लिए तैयारी

डिजिटल डेस्क, नागपुर। 2019 में होने वाले लोकसभा चुनाव के लिए जहां राजनीतिक दल जोर-शोर से तैयारी में जुटे हैं, वहीं प्रशासनिक तैयारी भी चल रही है। लोकसभा चुनाव के लिए नागपुर पहुंची एम-3 टाइप की वाेटिंग मशीनें कड़ी सुरक्षा में रखी गई हैं। नागपुर जिले के दो लोकसभा व 12 विधानसभा निर्वाचन के लिए जरूरी सभी वोटिंग 15,000 मशीनें नई हैं आैर इसे बंगलुरु से मंगवाया गया है। शीघ्र ही इसके वीवीपैट भी पहुंच जाएंगे। 2006 से पहले एम-1 टाइप की मशीनों से चुनाव कराए गए। 2006 के बाद एम-2 टाइप की मशीनों से चुनाव हुए। अब एम-3 टाइप के मशीनों से लोकसभा चुनाव होगा।

बंगलुरु से 5486 कंट्रोल यूनिट (सीयू) व करीब 9500 बैलेट यूनिट नागपुर पहुंचे हैं। कलमना में इसे कड़ी सुरक्षा व्यवस्था में रखा गया है। बता दें एक मशीन चुनाव में तीन बार इस्तेमाल की जाती है। इन मशीनों से 2019 का लोकसभा, उसके बाद होने वाला विधानसभा चुनाव कराया जाएगा। इसके बाद भी इसे एक बार इस्तेमाल किया जाएगा। तीन बार इस्तेमाल के बाद इन मशीनों का उपयोग नहीं होता है।

चुनाव पहली बार वीवीपैट के साथ 
देश में हुए उपचुनाव में वीवीपैट का इस्तेमाल हुआ, लेकिन 2019 में आम चुनाव पहली बार वीवीपैट के साथ होंगे। वीवीपैट अभी तक पहुंचे नहीं, लेकिन शीघ्र ही इसके पहुंचने का दावा प्रशासन ने किया है। पुलिस जवानों के साथ ही जिला प्रशासन के अधिकारी भी इसकी देखरेख में लगे हुए हैं। 

25 फीसदी ज्यादा हैं मशीनें 
नागपुर जिले में दो लोकसभा व 12 विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र हैं। इस हिसाब से 25 फीसदी ज्यादा मशीनें बंगलुरु से यहां पहुंची हैं। तकनीकी खराबी आने पर मशीनों की कमी न हो इसलिए हमेशा अतिरिक्त (रिजर्व) मशीनें रखी जाती हैं। ये सभी नई मशीने हैं आैर पहली बार इसका इस्तेमाल 2019 में होने वाले लोकसभा चुनाव में होगा। कंट्रोल यूनिट व बैलेट यूनिट एम-3 टाइप के है।
(बी. घुगे, उपजिला निर्वाचन अधिकारी, नागपुर)

Similar News